अजय सैनी,भिवानी। हरियाणा के भिवानी से सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक एकता की एक अनूठी तस्वीर सामने आई है। देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर चल रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ को अब मुस्लिम समुदाय का भी खुला समर्थन मिल गया है। भिवानी के मुस्लिम समाज ने इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेते हुए अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का भरोसा दिया है।

सोमवार को हांसी गेट स्थित चित्रकूट वाटिका में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्ध लोगों और गौरक्षा दल के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से अभियान को मजबूत बनाने की रणनीति साझा की। इस अवसर पर अभियान के मुख्य मार्गदर्शक और वृंदावन से पहुंचे गौभक्त स्वामी रामतीर्थ दास महाराज भी मौजूद रहे।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधि जोरावर अली ने कहा कि गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि भारत की साझा संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगना चाहिए और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलना चाहिए। इस अभियान की सफलता के लिए भिवानी का मुस्लिम समाज पूरी निष्ठा के साथ सहयोग करेगा और लोगों को इस जनआंदोलन से जोड़ने का कार्य करेगा।

27 जुलाई तक 20 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य
वहीं, स्वामी रामतीर्थ दास महाराज ने मुस्लिम समाज के समर्थन का स्वागत करते हुए बताया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत 27 जुलाई तक देशभर से 20 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसी एक धर्म या समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक और सामाजिक भावनाओं से जुड़ा आंदोलन है। भिवानी से मिले समर्थन ने अभियान को नई शक्ति प्रदान की है।


सामाजिक समरसता और भाईचारे का सकारात्मक उदाहरण
गौरक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार ने कहा कि विशेष समुदाय की भागीदारी ने यह संदेश दिया है कि राष्ट्र और संस्कृति के सम्मान के मुद्दों पर समाज एकजुट होकर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता और भाईचारे का सकारात्मक उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में यासीन खान, रोशन अली, आमिर खान, नंदकिशोर अग्रवाल, संजय शर्मा, कुकी परमार, कृष्ण वर्मा, शुभम, सोमबीर, अंकित शर्मा और गोलू शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।