अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, सर्व कर्मचारी संघ और स्कूल टीचर्स फैडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर शुक्रवार को भिवानी में अध्यापकों और कर्मचारियों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शिक्षकों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने स्थानीय लघु सचिवालय के सामने एक दिवसीय सत्याग्रह धरना देकर भूख हड़ताल की। इस राज्यव्यापी आंदोलन का आयोजन प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर किया गया। भिवानी में धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान अजीत राठी ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सुमेर आर्य ने किया।

2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर TET की शर्त का विरोध

धरने को संबोधित करते हुए जिला प्रधान अजीत राठी और जिला सचिव सुमेर आर्य ने कहा कि वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त जिन अध्यापकों की सेवा 5 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, उन पर 31 अगस्त 2028 तक TET पास करने की शर्त थोपी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा न करने पर अध्यापकों की सेवाएं समाप्त करने का फरमान जारी किया गया है। संघ ने इस अन्यायी शर्त को तुरंत रद्द करने और वरिष्ठता के आधार पर अध्यापकों को TET से छूट देने की मांग की।

40 हजार खाली पदों पर पक्की भर्ती और पुरानी पेंशन की मांग

अध्यापक संघ ने प्रदेश में खाली पड़े शिक्षकों के 40 हजार पदों पर तुरंत पक्की भर्ती करने और सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट के फैसलों के अनुसार अतिथि अध्यापकों को शीघ्र नियमित करने की मांग उठाई। पूर्व अध्यापक संघ के राज्य नेता वजीर सिंह ने एनपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने, एचकेआरएन (HKRN) को बंद कर सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, हर साल अप्रैल में पारदर्शी तबादला प्रक्रिया पूरी करने और अध्यापकों से गैर-शैक्षणिक कार्य न करवाने की मांग की।

स्कूलों को मर्ज करने के बजाय बजट बढ़ाने की अपील

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार शिक्षा को निजी हाथों और कॉर्पोरेट घरानों के सुपुर्द करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि सरकारी स्कूलों को बंद या मर्ज करने के बजाय शिक्षा का बजट बढ़ाया जाए और आबादी के अनुपात में नए स्कूल खोले जाएं। भिवानी में आयोजित इस सत्याग्रह को शिक्षा बोर्ड कर्मचारी संघ, फायर ब्रिगेड कर्मचारी संघ, रिटायर्ड कर्मचारी संघ और हेमसा ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया।

कई संगठनों के प्रमुख नेता रहे मौजूद

इस सत्याग्रह आंदोलन को राज्य संगठन सचिव सुखदर्शन सरोहा, एसकेएस जिला प्रधान सुमेर आर्य, लोहारू से सतीश भेचू, सुशीला देवी, राज्य उपप्रधान व राज्य उपसचिव महेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर अनीता शास्त्री, सुनिता, राजेश लांबा, रतन जिंदल, राजबीर कादियान, प्राचार्य श्रीकांत, रविंद्र, विनोद, संजय कुमार, राजेश कुमार, विजय मोहन, दिलबाग सिंह, चांदी राम, जोगेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, ओमप्रकाश दलाल, फतेह सिंह, विनोद बॉक्सर, संदीप पूनिया, पवन कुमार, अनूप सिंह तथा जोगेंद्र पिलानिया सहित भारी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m