भिवानी के स्थानीय तेरापंथ भवन में बुधवार को तेरापंथ धर्म संघ का 267वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आचार्य महाश्रमण द्वारा मुख्य मुनि महावीर कुमार को युवाचार्य मनोनीत किए जाने पर समाज के लोगों ने मंगल भावनाएं व्यक्त कीं।
अजय सैनी, भिवानी। स्थानीय तेरापंथ भवन में बुधवार को तेरापंथ धर्म संघ का 267वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में आचार्य महाश्रमण द्वारा मुख्य मुनि महावीर कुमार को अपना उत्तराधिकारी (युवाचार्य) मनोनीत किए जाने पर पूरा समाज आनंदित नजर आया और श्रद्धालुओं ने उनके प्रति मंगल भावनाएं व्यक्त कीं।
महिला मंडल की गीतिका से शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत की गई मधुर और भक्तिमय गीतिका से हुआ, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इस मौके पर वरिष्ठ श्रावक सुरेंद्र जैन ने तेरापंथ की मूल भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक गुरु और एक विधान ही तेरापंथ की पहचान है।
भगवान महावीर के चरणों का अनुगमन करते हुए आचार्य महाश्रमण ने गहन जांच-परख के बाद मुख्य मुनि महावीर कुमार को युवाचार्य नियुक्त किया है। इस नियुक्ति से पूरा तेरापंथ धर्म संघ स्वयं को निश्चिंत और धन्य महसूस कर रहा है।
अनुशासन और समर्पित नेतृत्व
उपासक रमेश जैन ने धर्म संघ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि आचार्य भिक्षु द्वारा 266 वर्ष पूर्व स्थापित यह संघ अपनी अनुशासनप्रियता के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि युवाचार्य महावीर मुनि अपने देव, गुरु और धर्म संघ के प्रति पूर्णतः समर्पित संत हैं। उनके कुशल नेतृत्व से तेरापंथ नए शिखरों को छुएगा।
कार्यक्रम के संयोजक रमेश बंसल ने कहा कि जितनी सहजता और सरलता से तेरापंथ में उत्तराधिकारी का मनोनयन होता है, वैसा उदाहरण दुनिया के किसी अन्य धर्म संघ में देखने को नहीं मिलता। हमारे सभी आचार्यों ने त्याग, तपस्या और अनुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
वक्ताओं ने दी शुभकामनाएं
अग्रसेन ट्रस्ट के अध्यक्ष रामदेव तायल ने तेरापंथ के नियमों की सराहना करते हुए कहा कि जितना त्याग और संयम इस संघ में है, वह अतुलनीय है और यहाँ के आचार्यों का प्रभाव सर्वोपरि है।
तेरापंथ सभा के अध्यक्ष आनंद जैन और मंत्री विकास जैन ने स्थापना दिवस की बधाई देते हुए नवागंतुक युवाचार्य महावीर मुनि के उज्ज्वल भविष्य और कुशल नेतृत्व के लिए शुभ भावनाएँ व्यक्त कीं।
इस आयोजन में बैजनाथ जैन, सुभाष जैन, अनिल सिंगला, लक्ष्मण अग्रवाल, ललित जैन, टेकचंद जैन, केशव जैन, विक्की जैन, बृजेश आचार्य, नवीन नाहटा, प्रदीप मिश्रा, अनिल बंसल, सुषमा जैन, मंजू जैन, सारिका जैन, उषा देवी, रेखा जैन, आरती जैन और रेनू नाहटा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।


