अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा के भिवानी स्थित विकास नगर रिहायशी इलाके में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेशों और उपायुक्त के निर्देशों की अवहेलना पर नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा है. विकास नगर नागरिक सभा के बैनर तले शुक्रवार को आक्रोशित निवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ के आवास पर पहुंचा और सीधा विरोध दर्ज कराया. नागरिकों ने विधायक को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि अदालती आदेशों के पालन में बाधा डाली गई, तो उन्हें भी अदालत में पार्टी बनाकर अवमानना (कंटेम्प्ट) और सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज कराया जाएगा.

पार्क में हुई अहम बैठक, विधायक के रवैये की निंदा

विकास नगर के स्थानीय पार्क में शुक्रवार को नागरिक सभा की एक आपात बैठक आयोजित की गई. बैठक में आरोप लगाया गया कि विधायक घनश्याम सर्राफ द्वारा नागरिक सभा के अध्यक्ष डॉ. आर.बी. गोयल पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया. इस बैठक के बाद ही आक्रोशित निवासी एकजुट होकर सीधे विधायक के आवास पर पहुंचे और कड़ा विरोध जताया.

उपायुक्त के आदेश पंगु, राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप

विकास नगर नागरिक सभा के संरक्षक आर.पी. सिंह ने कहा कि भिवानी के उपायुक्त द्वारा 3 सितंबर और 15 सितंबर को अतिक्रमण हटाने व अवैध पार्किंग रोकने के स्पष्ट आदेश जारी किए गए थे. हालांकि, राजनीतिक हस्तक्षेप और कुछ व्यापारियों के अनैतिक प्रभाव के कारण ये आदेश कागजों तक सीमित रह गए हैं. रिहायशी इलाके में सब्जी मंडी के व्यापारियों द्वारा भारी वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग और अवैध पार्किंग से निवासियों का जीना दूभर हो गया है.

‘रिहायशी इलाके को मंडी में बदलने की साजिश बर्दाश्त नहीं’

विकास नगर नागरिक सभा के अध्यक्ष डॉ. आर.बी. गोयल और विकास नगर रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (स्कीम नंबर-8ए) के अध्यक्ष अजीत सिंह सांगवान ने कहा कि रिहायशी इलाके को व्यावसायिक मंडी में बदलने की साजिश को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नागरिकों के अधिकारों और हाई कोर्ट के फैसलों की रक्षा के लिए वे किसी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे और यह कानूनी लड़ाई अंत तक लड़ी जाएगी.

बैठक व प्रदर्शन के दौरान कर्नल उमेद सिंह, सतीश लीखा, पवन बासिया, राजबीर बर्मन, नवीन गुप्ता, अशोक गुप्ता, डॉ. आनंद स्वामी, प्रेम यादव और विरेंद्र ग्रेवाल समेत अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m