भिवानी नगर परिषद के वार्ड नंबर-20 में पेयजल और सीवरेज की समस्या को लेकर पार्षद प्रदीप कौशिक ने जन स्वास्थ्य विभाग के एसई से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। एसई ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर जल्द विभागीय कार्रवाई कर समाधान का ठोस आश्वासन दिया है।

अजय सैनी, भिवानी। नगर परिषद भिवानी के वार्ड नंबर-20 में पेयजल किल्लत और बदहाल सीवरेज व्यवस्था की समस्या से परेशान होकर वार्ड नंबर-20 के पार्षद प्रदीप कौशिक ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वार्ड की मूलभूत जनसमस्याओं को लेकर एक मांग पत्र सौंपा और उनके जल्द से जल्द स्थाई निवारण की पुरजोर मांग उठाई।

मुलाकात के दौरान जन स्वास्थ्य विभाग के एसई ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और जल्द से जल्द उचित विभागीय कार्रवाई कर समाधान का ठोस आश्वासन दिया।

बूस्टरों की क्षमता बढ़ाने की मांग

ज्ञापन सौंपते हुए पार्षद प्रदीप कौशिक ने कहा कि वार्ड नंबर-20 का दायरा हाल के वर्षों में काफी बढ़ चुका है। आबादी बढ़ने के कारण वर्तमान में दुर्गा कॉलोनी व लाजपत नगर स्थित बूस्टर पर्याप्त पानी सप्लाई करने में असमर्थ हैं। उन्होंने मांग की कि इन दोनों बूस्टरों के टैंकों की क्षमता बढ़ाई जाए तथा यहां लगी पुरानी मशीनों का नवीनीकरण किया जाए।

इससे सेवा नगर, रुद्रा कॉलोनी और आसपास के अन्य क्षेत्रों में पीने के पानी की सुचारू आपूर्ति संभव हो सकेगी।

टूट चुकी बाउंड्री वॉल का निर्माण जरूरी

पार्षद कौशिक ने कहा कि दुर्गा कॉलोनी स्थित पेयजल बूस्टर की बाउंड्री वॉल लंबे समय से टूटी हुई पड़ी है। बाउंड्री न होने से यहां सुरक्षा का खतरा बना रहता है और परिसर में दिन-रात आवारा पशु व असामाजिक तत्व घूमते रहते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर इस चारदीवारी का जल्द से जल्द दोबारा निर्माण करवाया जाए।

मानसून से पहले सीवर सफाई पर जोर

उन्होंने कहा कि मानसून और बरसात के मौसम को देखते हुए वार्ड नंबर-20 में स्थित सीवरों की तुरंत गाद निकाली जाए, ताकि बारिश का पानी गलियों में जमा न हो और जलभराव की स्थिति से लोगों को राहत मिले।

वार्ड में कई स्थानों पर सीवरों के ऊपर लगे ढक्कन और उनके फ्रेम टूट चुके हैं या गायब हैं। इससे हादसों की आशंका बनी रहती है, इसलिए सभी क्षतिग्रस्त ढक्कनों और फ्रेमों को तुरंत बदलवाया जाए।

नई पाइपलाइन बिछाने की अपील

कौशिक ने कहा कि वार्ड की कई नई व विकसित गलियों में अभी तक पीने के पानी और सीवरेज की मुख्य पाइपलाइन ही नहीं बिछाई गई है। सीवर व पानी की लाइन न होने से स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर हो चुका है। अत: इन वंचित गलियों में जल्द से जल्द सीवरेज और पेयजल की नई लाइनें बिछाई जाएं।

धरातल पर काम शुरू करने का आश्वासन

पार्षद प्रदीप कौशिक ने कहा कि वार्ड का विस्तार होने से पानी और सीवरेज पर दबाव बढ़ा है। दुर्गा कॉलोनी व लाजपत नगर बूस्टर की क्षमता बढ़ाने और सीवरेज सफाई को लेकर एसई से सकारात्मक बातचीत हुई है।

उन्होंने बताया कि एसई ने आश्वासन दिया है कि इन समस्याओं पर जल्द ही धरातल पर काम शुरू कर दिया जाएगा। यदि अधिकारियों ने समय रहते कदम नहीं उठाए, तो जनहित में इस लड़ाई को आगे भी मजबूती से लड़ा जाएगा।