अजय सैनी, भिवानी। लगातार दो दिन हुई सावन की रुक-रुककर बरसात ने जहां मौसम सुहावना कर लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं शहर में जगह-जगह हुए जलभराव ने प्रशासन के इंतजामों की पोल खोलकर रख दी। बरसात रुकने के 14 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी शहर के अधिकांश हिस्सों में पानी अब भी जमा रहा। इससे नागरिक परेशान रहे, जबकि उनकी समस्याओं को दूर करने का दावा करने वाले जनप्रतिनिधियों की सक्रियता पर भी सवाल उठते रहे।

शहरवासी खुलकर कहने लगे हैं कि व्यवस्था तभी सुधरेगी, जब कोई शहर की सुध लेगा। अन्यथा शहरवासियों को इसी तरह की समस्याओं का लगातार सामना करना पड़ेगा। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि वोट लेने के बाद चले जाते हैं और जनता को अपनी समस्याओं के साथ जूझना पड़ता है। इतना ही नहीं, जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र को लेकर कितने गंभीर हैं और शहर की व्यवस्थाओं पर किस तरह नजर रखते हैं, इसका नमूना एक बार फिर जनता के सामने आ गया।

शहर का शायद ही कोई ऐसा हिस्सा बचा हो, जहां जलभराव की स्थिति नहीं बनी। शुक्रवार दोपहर बाद सावन की पहली तेज बरसात हुई। उसी दौरान शहर के अनेक हिस्सों में पानी भर गया। जलभराव को लेकर लोग घबराने लगे, लेकिन प्रशासन की ओर से समय रहते कोई प्रभावी संज्ञान नहीं लिया गया।

जनप्रतिनिधि के तौर पर विधायक का दायित्व बनता है कि वह शहर की स्थिति का जायजा लेकर लोगों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करवाएं। लेकिन स्थिति यह रही कि कहीं बरसाती पानी सड़कों पर अठखेलियां करता रहा तो कहीं लोगों के घरों में पानी घुस गया, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शुक्रवार की रात लोगों ने जैसे-तैसे निकाल ली, लेकिन शनिवार को भी जलभराव का सिलसिला जारी रहा। शनिवार शाम को उपायुक्त ने शहर के कुछ इलाकों का दौरा किया, लेकिन इसके बावजूद पानी टस से मस नहीं हुआ। शनिवार शाम करीब 7 बजे बरसात रुक गई। शहरवासियों को उम्मीद थी कि अगले कुछ घंटों में जलभराव से राहत मिल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रविवार आ गया, लेकिन शहर की स्थिति में कोई खास सुधार नजर नहीं आया।

मंत्री के आवास के सामने भी जमा रहा पानी

मजे की बात यह रही कि प्रदेश की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी के विजयनगर स्थित निवास के सामने भी बरसाती पानी जमा रहा। यदि किसी को मंत्री के आवास तक जाना हो तो बरसाती पानी से होकर गुजरना मजबूरी बन गया। बरसात रुकने के आठ-दस घंटे बाद भी श्रुति चौधरी के आवास के सामने पानी खड़ा रहा।

शहर के शिवनगर, कृष्णा कॉलोनी, हांसी रोड, लोक निर्माण विश्राम गृह, बीटीएम चौक, चिरंजीव कॉलोनी, बीटीएम रोड, वैश्य कॉलेज के सामने, लोक निर्माण विश्राम गृह रोड, रेलवे रोड, घंटाघर, सराय चोपड़ा, जैन चौक, तेलीवाड़ा, हनुमान ढाणी, चरखान ढाणी और मेहताब दास ढाणी सहित शहर के अनेक हिस्सों में पानी जमा रहा।

इसके साथ ही रोहतक रोड से मुख्य बाजारों को जोड़ने वाले अग्रसेन चौक पर भी बरसात रुकने के करीब 12 घंटे बाद तक पानी जमा रहा। स्थिति ऐसी रही कि लोग अपने वाहन छोड़कर पैदल निकलते नजर आए। हालात गंभीर रहे, लेकिन लोगों को तत्काल राहत देने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आई।

ट्रैफिक पुलिस संभालती रही व्यवस्था

अग्रसेन चौक पर दिनभर ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी वाहनों को दिशा देने में लगे रहे, ताकि जलभराव के कारण जाम जैसी स्थिति पैदा न हो। जलभराव के बीच यातायात को सुचारु बनाए रखना पुलिस के लिए भी चुनौती बना रहा।

शनिवार शाम के समय उपायुक्त साहिल गुप्ता अधिकारियों के दल के साथ शहर के उन इलाकों में पहुंचे, जहां जलभराव के कारण लोग परेशान थे। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लिया, लेकिन इसके बावजूद लोगों को तत्काल राहत नसीब नहीं हुई।

जलभराव के बाद सड़कें भी बनीं परेशानी

शहर में जलभराव के कारण अनेक सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। ऐसे में वाहन चालकों के लिए यह पता लगाना मुश्किल हो गया कि सड़क पर कहां गड्ढा है और कहां पानी। जरा सी असावधानी वाहन चालकों का संतुलन बिगाड़ सकती है और उनके सामने नई परेशानी खड़ी हो सकती है।

मानसून की पहली तेज बरसात ने शहर की वास्तविक तस्वीर सबके सामने ला दी और लोगों को पहले की जलभराव की परेशानियों का मंजर एक बार फिर याद आ गया। बरसात से पहले जब भी विधायक घनश्याम दास से शहर की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल पूछे जाते हैं तो उनका कहना रहता है कि सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं और जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

अब उनके इन दावों में कितनी सच्चाई है, इसका खुलासा शुक्रवार दोपहर बाद शुरू हुई बरसात और शनिवार शाम तक बनी जलभराव की स्थिति ने कर दिया। समय रहते यदि सीवर और नालों की सफाई कर दी जाती तथा जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था होती तो शायद शहरवासियों को इस तरह जलभराव की दहशत नहीं झेलनी पड़ती।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m