आरा। भोजपुर जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक को बीच सड़क पर गोली मार दी गई। घायल की पहचान उत्तर प्रदेश के नौरंगा गांव निवासी 25 वर्षीय सोनू ठाकुर के रूप में हुई है, जो पेशे से डेयरी संचालक हैं। सोनू फिलहाल बेरिया इलाके में रहकर अपना व्यवसाय चलाते हैं। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओझवलिया गांव निवासी आरोपी साधु राय के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विवाद की जड़: प्रेम प्रसंग या पुरानी उधारी?
शुरुआती जांच में इस हिंसक घटना के पीछे दो मुख्य कारण उभरकर सामने आ रहे हैं। पीड़ित सोनू ठाकुर के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब आरोपी साधु राय (सोनू के बड़े भाई का साला) सोनू के घर के दरवाजे पर बैठकर गांव की एक लड़की से फोन पर बात कर रहा था। सोनू ने जब उसे सार्वजनिक रूप से ऐसी बातचीत करने से मना किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया।
बहस बढ़ने पर सोनू की पत्नी ने भी हस्तक्षेप किया और साधु राय को मर्यादा में रहने की नसीहत दी। इससे नाराज होकर आरोपी अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए वहां से निकल गया। हालांकि, दर्ज प्राथमिकी में सोनू ने एक नया मोड़ देते हुए आरोप लगाया है कि आरोपी उससे 40 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा था, जिसे देने से इनकार करने पर उसे निशाना बनाया गया।
रास्ते में घेरकर दागी बुलेट
धमकी देने के कुछ देर बाद, जब सोनू ठाकुर दूध पहुंचाने के लिए बक्सर के पड़री गांव जा रहा था, तभी ओझवलिया मोड़ के पास घात लगाए बैठे साधु राय ने उसे रोक लिया। वहां गाली-गलौज करते हुए आरोपी ने सोनू पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में सोनू को परिजनों ने आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस की जांच और दोहरे एंगल की थ्योरी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए करनामेपुर थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बताया कि पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर चुकी है। उन्होंने कहा, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और पैसों के लेनदेन (रंगदारी) के बीच उलझा हुआ प्रतीत हो रहा है। हम दोनों ही पहलुओं से जांच कर रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

