पटना। शहर के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खटाल गली में प्यार, धोखे और नफरत का एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। यहां एक 27 वर्षीय युवक, राहुल कुमार की उसकी ही प्रेमिका ने अपने परिवार के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। राहुल सिटी सेंटर मॉल के वीआईपी शोरूम में स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत था। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
कुर्सी पर बिठाया और मां-बहन ने पकड़े हाथ
मृतक के बड़े भाई प्रमोद कुमार ने जो आपबीती सुनाई, वह रूह कंपा देने वाली है। प्रमोद के अनुसार, राहुल को उसकी प्रेमिका शीतल ने जबरन अपने घर बुलाया था। वहां योजनाबद्ध तरीके से राहुल को एक कुर्सी पर बैठाया गया। आरोप है कि शीतल की मां ने राहुल का सिर पकड़ रखा था और उसकी बहन ने राहुल के दोनों हाथ मजबूती से जकड़ लिए थे ताकि वह हिल न सके। इसी बीच, शीतल ने पिस्टल निकाली और राहुल की कनपटी पर सटाकर गोली दाग दी।
6 मई की सगाई बनी कत्ल की वजह
जानकारी के मुताबिक, राहुल और शीतल के बीच पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विवाद की जड़ राहुल की हालिया सगाई बनी, जो 6 मई को हुई थी। इस सगाई से शीतल बेहद नाराज थी और राहुल पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी। परिजनों का कहना है कि शीतल ने एक साल पहले भी राहुल की कोलकाता में होने वाली शादी को तुड़वा दिया था। इस बार जब राहुल ने दूसरी जगह सगाई की, तो शीतल ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।
ड्यूटी के बहाने बुलाया और कर दी हत्या
राहुल के माता-पिता, गुड़िया देवी और ललन प्रसाद ने बताया कि राहुल रोज की तरह सुबह अपनी ड्यूटी के लिए निकला था। मां ने उसे लंच पैक करके दिया था और उसे वेतन (सैलरी) भी मिली थी। ड्यूटी के दौरान ही शीतल ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया। हत्या के बाद राहुल का मोबाइल फोन और उसकी सैलरी के पैसे भी गायब बताए जा रहे हैं।
पुलिसिया कार्रवाई और परिजनों का विलाप
वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी शीतल मौके से फरार हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए PMCH भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। राहुल की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

