भोजपुर। जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक शराबी पति ने अपनी 26 वर्षीय पत्नी रीना देवी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका के चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, और आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके दांत भी तोड़ दिए गए थे।

​शादी और घरेलू कलह की दास्तां

​मृतका के चचेरे भाई और मुख्य सूचक मिथिलेश कुमार सिंह के अनुसार, झारखंड के बोकारो की रहने वाली रीना की शादी वर्ष 2017 में सुल्तानपुर गांव निवासी मुकेश कुमार सिंह के साथ हुई थी। रीना अपने दो बच्चों पुत्र ऋषभ और पुत्री शिवानी की मां थी। शादी के शुरुआती दिनों से ही आरोपी मुकेश शराब की बुरी लत का शिकार था और नशे की हालत में अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। उसकी इस आदत से आजिज आकर परिजनों ने उसे एक बार नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया था, लेकिन वहां से लौटने के बाद भी उसकी आदतों में कोई सुधार नहीं आया।

​हत्या की खौफनाक रात

​बुधवार की रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी नोकझोक हुई। आरोप है कि नशे में धुत मुकेश ने बेहरमी से रीना की पिटाई की और दुपट्टे से उसका गला दबाकर उसकी जीवन लीला समाप्त कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका की ननद ने पहले मायके वालों को फोन कर रीना की तबीयत खराब होने का झूट बोला, लेकिन बाद में सच्चाई सामने आ गई।
​सूचना पाकर मौके पर पहुंची गड़हनी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पति मुकेश कुमार सिंह को धर दबोचा। घटनास्थल की गहन जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।