कुंदन कुमार, भोजपुर। जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बिलौटी गांव में प्रशासनिक महकमे की बड़ी हलचल देखने को मिली। भोजपुर जिला पदाधिकारी (DM) मनेश कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक (SP) अवधेश दीक्षित अचानक बिलौटी गांव पहुंचे और दिवंगत भरत भूषण तिवारी के पैतृक आवास पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की।

​शीर्ष अधिकारियों ने मृतक भरत तिवारी की माता, पिता तथा उनके भाई से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों का कुशलक्षेम जाना और गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। मुलाकात के दौरान मुख्य रूप से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और परिवार को मिल रही प्रशासनिक सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने परिजनों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए घर पर पुलिस बल के जवानों की तैनाती से जुड़े बिंदुओं पर भी समीक्षा की।

​प्रशासनिक प्रमुखों के इस औचक दौरे से गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से इसे एक संवेदनशीलता से जुड़ा कदम माना जा रहा है, जिसमें अधिकारियों ने परिवार की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उचित सरकारी मदद और हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है। स्थानीय स्तर पर इस उच्चस्तरीय मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।