भोजपुर‌। जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के मिठहां गांव (वार्ड 12) में अंधविश्वास और 12 साल पुरानी रंजिश के चलते एक छोटे भाई ने रिश्तों का कत्ल करते हुए अपने ही बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। लाठी-डंडों से किए गए इस ताबड़तोड़ हमले में 73 वर्षीय हीरा लाल राम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पिछले करीब 25 वर्षों से ओझाई (झाड़-फूंक) का काम करते थे। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

​सिर पर वार कर खेत में तड़पता छोड़ भागा कातिल भाई

​परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच तीखी नोकझोक और गाली-गलौज हुई थी। इसके बाद जब हीरा लाल राम अपने खेत की ओर जा रहे थे, तो उनके छोटे भाई लाल बाबू मुसहर ने रास्ते में घात लगा रखा था। मौका मिलते ही उसने लाठी-डंडों से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
​यह हमला इतना खौफनाक था कि उनके सिर पर पांच इंच से ज्यादा गहरा घाव हो गया। लहूलुहान हालत में वह कई घंटों तक खेत में पड़े रहे। जब ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी और वे मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और हीरा लाल की सांसें थम चुकी थीं।

​बेटी की मौत का गुस्सा बना कत्ल की वजह

​मृतक के बेटे अजय कुमार ने इस पूरे हत्याकांड के पीछे की हैरान कर देने वाली वजह का खुलासा किया है। अजय ने बताया कि करीब 12 साल पहले उनके चाचा लाल बाबू मुसहर की बेटी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। उस वक्त लाल बाबू अपनी बेटी को झाड़-फूंक कराने के लिए उनके पिता के पास लाए थे।
​जांच के दौरान उनके पिता ने साफ कह दिया था कि बच्ची की मौत पहले ही हो चुकी है। मगर इसके बावजूद लाल बाबू ने इस बात को कभी नहीं माना और उल्टे उनके पिता पर ही बच्ची की जान लेने का झूठा और बेबुनियाद आरोप मढ़ दिया।

​ताने और कलेश का अंत खून की होली से हुआ

​अजय के अनुसार, उस पुरानी घटना के बाद से ही लाल बाबू लगातार उनके पिता को नीचा दिखाने की कोशिश करता था और ताने मारता था कि उन्हीं की ओझाई की वजह से उसकी बेटी मरी है। इसी पुरानी खुन्नस ने गुरुवार को खूनी रूप ले लिया और बहस के बाद छोटे भाई ने बड़े भाई की जान ले ली।

​पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ छापेमारी और जांच

​घटना की भनक लगते ही धनगाई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
​थानाध्यक्ष का कहना है कि शुरुआती जांच में भाइयों के बीच पुरानी रंजिश की बात पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। मृतक के बेटे की शिकायत पर आरोपी चाचा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।