भोजपुर। जिले के सहार थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है जहां 7वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ पांच युवकों ने मिलकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना रविवार की है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

​बाजार से जबरन उठा ले गए बदमाश

पीड़िता के अनुसार वह रविवार को अपने घर से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित बाजार गई थी। जब वह नारियल पानी खरीद रही थी तभी एक कार उसके पास आकर रुकी। कार में सवार पांच युवकों ने उसे गाड़ी में बैठने के लिए कहा जिस पर पीड़िता ने साफ इनकार कर दिया। इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। गाड़ी से दो युवक उतरे और जबरन छात्रा का हाथ पकड़कर उसे कार के अंदर खींच लिया।

​जान से मारने की धमकी

कार के अंदर दरिंदों ने नाबालिग के साथ गैंगरेप किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अगर उसने शोर मचाया तो वे उसे वहीं खत्म कर देंगे। डरी-सहमी पीड़िता ने बताया कि वह उन सभी पांचों आरोपियों को अच्छी तरह पहचानती है क्योंकि वे सभी उसी के गांव के रहने वाले हैं।

​7 किलोमीटर पैदल चलकर घर पहुंची पीड़िता

घिनौनी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को एक सुनसान इलाके में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता सदमे की स्थिति में थी लेकिन हिम्मत जुटाकर वह करीब 7 किलोमीटर पैदल चलकर अपने घर पहुंची। घर पहुंचते ही वह बिलखने लगी और परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

​परिजनों ने थाने में किया हंगामा

घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन सहार थाना पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने परिजनों को शांत कराया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। यह घटना स्थानीय समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।