भोजपुर। जिले में एक 25 वर्षीय युवक ने मानसिक रूप से विक्षिप्त 45 वर्षीय महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया और फिर उसकी बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे खुला खौफनाक वारदात का राज?
सोमवार सुबह करीब 10 बजे गड़हनी के बगवां-धमनिया मार्ग पर नहर के पास महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के कपड़े अस्त-व्यस्त होने के कारण पुलिस ने शुरुआत में ही दुष्कर्म की आशंका जताई थी। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। जब पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो रविवार रात करीब 10 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ हाथापाई करता हुआ नजर आया। फुटेज के आधार पर पहचान करते हुए पुलिस ने बगवां गांव निवासी रामदुलार राम उर्फ प्रभास को सोमवार रात ही धर दबोचा।
आरोपी ने कबूला अपना जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रभास ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से महिला पर नजर रख रहा था, जो मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। रविवार की रात शराब के नशे में बाजार से गुजरते समय उसने महिला को रास्ते में सोते हुए देखा और उसकी नीयत खराब हो गई। जबरदस्ती करने पर जब महिला ने हंगामा किया, तो आरोपी ने उसे डराया-धमकाया और मारपीट करते हुए नहर की ओर खींच ले गया। वहां उसने दुष्कर्म के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
मृतका की पहचान की कोशिश जारी
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका पिछले छह महीने से गड़हनी बाजार में ही घूमती रहती थी और वह मूल रूप से कहां की रहने वाली थी, इसकी किसी को कोई जानकारी नहीं है। पुलिस मृतका की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।
मेडिकल बोर्ड द्वारा हुआ पोस्टमॉर्टम
सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिन्हा के निर्देश पर चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने शव का पोस्टपॉर्टम किया। वैज्ञानिक पुष्टि के लिए महिला का वैजाइनल स्वाब और अंडर गारमेंट्स सुरक्षित रख लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस को एफएसएल और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को मजबूती मिलेगी।



