भोजपुर जिले में रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी और शूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया है। यह एनकाउंटर शुक्रवार सुबह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड़ के पास उस वक्त हुआ, जब पुलिस उसे हथियार बरामदगी के लिए लेकर गई थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है।

​हथियार रिकवरी के दौरान की गई फायरिंग

​पुलिस पूछताछ के दौरान शूटर पवन यादव ने हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए हथियार को छिपाने की जगह की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर पहुंची थी। वहां मौका पाकर पवन ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिस की गाड़ी के बोनट पर भी लगी। आत्मरक्षा में पुलिस की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में गोली शूटर के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी।

​आरा सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

​मुठभेड़ के बाद घायल शूटर को तुरंत आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

​मुख्य आरोपी पवन यादव की पहचान और खुलासे

​घायल शूटर की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय पवन यादव के रूप में हुई है। एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड में कुल तीन शूटर शामिल थे। पवन यादव शुक्रवार को पटना भागने की फिराक में था, उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अब उसके बाकी साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

​हत्या की मुख्य वजह जमीन विवाद

​पुलिस अनुसंधान में रामकुमार सिंह की हत्या की मुख्य वजह जमीन विवाद सामने आई है। विवादित जमीन भोजपुर जिले के सिंगही गांव में स्थित है, जिसका थाना नंबर 245, खेसरा नंबर 69 और खाता नंबर 88 है।
​एसपी ने बताया कि यह जमीन वर्ष 2006 से रामकुमार सिंह के बेटे के नाम पर थी और 2020 में इसकी घेराबंदी भी कराई गई थी। हालांकि, विपक्षी पक्ष ने वर्ष 2025 में इस जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी लेकर अलग-अलग लोगों के नाम रजिस्ट्री करा दी और म्यूटेशन भी करवा लिया। पुलिस इस बिंदु पर भी गहराई से जांच कर रही है कि लंबे समय से कब्जे वाली इस जमीन का म्यूटेशन और रजिस्ट्री किस प्रकार संभव हुई। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।