Bihar news: भोजपुरी सिनेमा के गलियारों में इन दिनों एक नए रियलिटी शो भ भोजपुरी बवाल की धूम मची हुई है। आगामी 2 अगस्त से शुरू होने जा रहे इस शो के एक के बाद एक कई प्रोमो सामने आ चुके हैं जिन्होंने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। शो से जुड़े इन प्रोमो में भोजपुरी इंडस्ट्री के दो बड़े सितारे पवन सिंह और आम्रपाली दुबे अपने निजी और भावनात्मक खुलासों के चलते खासे चर्चा में हैं। जहां एक तरफ पवन सिंह अपनी मां के प्रति अपने अथाह प्रेम को लेकर सुर्खियों में हैं, वहीं आम्रपाली दुबे ने बिना शादी के मां बनने की इच्छा जताकर हर किसी को हैरान कर दिया है।

​पवन सिंह का इमोशनल अंदाज: जिस दिन मां नहीं, उस दिन पवन खत्म

​रियलिटी शो के सामने आए एक बेहद भावुक प्रोमो में पावर स्टार पवन सिंह अपनी मां के पैर दबाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में पवन सिंह अपनी मां के पैरों में सूजन देखकर चिंतित हो जाते हैं और पूछते हैं कि यह कैसे हुआ, जिस पर उनकी मां बीमारी का हवाला देती हैं।
​इस दौरान पवन सिंह अपनी मां से कहते हैं कि उनके पास दुनिया की कोई और संपत्ति नहीं है, बल्कि उनकी एकमात्र संपत्ति उनकी मां ही हैं। इसके जवाब में उनकी मां कहती हैं कि अगर वह चली गईं तो उनका ध्यान कौन रखेगा और उन्हें अपनी जिंदगी के बारे में भी सोचना चाहिए। इस पर पवन सिंह पूरी दृढ़ता और भावुकता के साथ कहते हैं जिस दिन मां चली गई, उस दिन पवन सिंह खत्म। मां-बेटे के इस रिश्ते की गहराई ने दर्शकों का दिल जीत लिया है।

​आम्रपाली दुबे का बड़ा फैसला: बिना शादी के मां बनने की बात पर सन्न रह गया परिवार

​दूसरी ओर, अभिनेत्री आम्रपाली दुबे का प्रोमो भी कम सनसनीखेज नहीं है। शो के एक प्रोमो में दिखाया गया है कि वह मंदिर में आशीर्वाद लेने के बाद अपने परिवार के सामने एक ऐसा फैसला सुनाती हैं, जिससे पूरा परिवार सन्न रह जाता है। आम्रपाली अपने परिवार से कहती हैं कि वह अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा निर्णय लेने जा रही हैं।
​प्रोमो के अनुसार, आम्रपाली बिना शादी के मां बनने का फैसला करती हैं। उनके इस चौंकाने वाले कबूलनामे के बाद उनके पिता अविश्वास में नजर आते हैं और पूछते हैं वह क्या कह रही है? वहीं उनकी बहन भी घबराकर उनसे पूछती है कि क्या उन्हें इस फैसले पर पूरा यकीन है। इस पर आम्रपाली पूरे आत्मविश्वास के साथ कहती हैं कि वह इस बारे में बिल्कुल पक्की हैं।

​वजन की बात पर छलके आम्रपाली के आंसू

​शो से जुड़े एक अन्य प्रोमो में आम्रपाली दुबे का एक अलग ही और संवेदनशील रूप देखने को मिला। इसमें भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ उनकी तारीफ करते हुए कहते हैं कि वह बहुत सुंदर दिखती हैं।
​तभी बीच में आम्रपाली की मां उनसे कहती हैं कि उन्हें अपने वजन पर थोड़ा ध्यान देने की जरूरत है। मां की यह बात आम्रपाली को इतनी चुभ जाती है कि वह कैमरे के सामने ही फफक-फफक कर रोने लगती हैं।
​आगामी 2 अगस्त से शुरू होने जा रहे ‘भोजपुरी बवाल’ रियलिटी शो के इन प्रोमो ने यह साफ कर दिया है कि यह शो केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें सितारों के निजी जीवन और उनके जज्बातों की एक अलग ही झलक देखने को मिलेगी।