कुंदन कुमार, जहानाबाद। जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर कोर्ट एरिया में उस समय सनसनी फैल गई, जब बीती रात असामाजिक तत्वों ने भोजपुरी सिंगर अभिषेक कुमार के घर के बाहर खड़ी गाड़ी पर हमला बोल दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार और स्थानीय इलाके में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 26 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे की है। पीड़ित भोजपुरी सिंगर अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक सिंह पिता नरेन्द्र कुमार जो कि आदर्श नगर कोर्ट एरिया के निवासी हैं, अपने घर पर सो रहे थे। अचानक उन्हें बाहर कुछ टूटने की तेज आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने उठकर खिड़की से बाहर झांका तो देखा कि 5-6 लोग उनके घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को बुरी तरह तोड़फोड़ रहे हैं और गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं।
पीड़ित भोजपुरी सिंगर अभिषेक कुमार ने जब इसका विरोध किया और उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से उन पर फायरिंग शुरू कर दी। डर के मारे पीड़ित तुरंत अपने कमरे के अंदर भागे। आरोप है कि बदमाशों ने लगभग तीन से चार राउंड फायरिंग की और गाली-गलौज करते हुए बाईपास की तरफ फरार हो गए। पीड़ित अभिषेक कुमार ने मीडिया और पुलिस को दिए गए अपने बयान में आशंका जताई है कि इस पूरी घटना के पीछे कलाकार शिव कुमार बिकु पिता- शैलेन्द्र सिंह और उनके साथियों का हाथ है।
पीड़ित भोजपुरी सिंगर का कहना है कि कुछ दिन पूर्व भी शिव कुमार बिकु द्वारा उनके घर पर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी गई थी। घटना से कुछ ही देर पहले आरोपी ने व्हाट्सएप पर मैसेज कर धमकी दी थी कि “कल का इंतजार करो, जो कुछ देखने को मिलेगा इसका तुम्हें अंदाजा भी नहीं होगा”। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल-112 पर आपातकालीन सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे कारतूस के खाली खोल भी बरामद किए हैं।
इस मामले को लेकर पीड़ित अभिषेक कुमार ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है ताकि उनका परिवार खुद को सुरक्षित महसूस कर सके। पुलिस प्रशासन सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह आश्वस्त किया है कि जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें- बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-बाइक की टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत, परिजनों में कोहराम

