संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित AIIMS में बीते 24 घंटे में एक ऐसा घटनाक्रम देखने को मिला जिसने सभी को यह सोचने में मजबूर कर दिया की, आखिर बीती रात ऐसा क्या हुआ कि प्रबंधन ने एक फरमान जारी किया और 24 घंटे में नहीं बीते की उसे वापस ले लिया। दरअसल बुधवार रात करीब 9 बजे बिना किसी पूर्व सूचना के 260 कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की सूची जारी कर दी गई थी। लेकिन कर्मचारियों के तीखे विरोध और एम्स के मुख्य गेट पर हुए जबरदस्त हंगामे के बाद प्रबंधन को बैकफुट पर आना पड़ा और 24 घंटे के भीतर ही बर्खास्तगी का आदेश वापस लेकर सभी को बहाल कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: MP में स्वाइन फ्लू से मौत: जिला अस्पताल आईसीयू वार्ड में 3 दिन से भर्ती था मरीज, डेंगू के 15 सैंपल भी पॉजिटिव
बिना कारण बताए क्यों निकाला? उठ रहे कई बड़े सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने एम्स प्रबंधन और एमजी सोलंकी आउटसोर्स एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाउसकीपिंग, वार्ड बॉय सहित कई जरूरी विभागों में तैनात इन 260 कर्मचारियों को अचानक हटा दिया गया था लेकिन उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि उन्हें किस कारण निकाला जा रहा है। आखिर ऐसी क्या इमरजेंसी या वजह रही कि रात 9 बजे बिना कोई पूर्व नोटिस दिए एक साथ सैकड़ों वर्करों का ट्रांसफर और सेवा समाप्ति का फरमान जारी कर दिया गया?
वर्करों ने शुरू किया था धरना, प्रबंधन को वापस लेना पड़ा आदेश
अचानक नौकरी छिन जाने से गुस्साए एमजी सोलंकी कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारियों ने एम्स के मुख्य द्वार पर देर रात से ही मोर्चा संभाल लिया। कर्मचारियों ने रोजगार बहाली की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया और जब तक फैसला वापस नहीं लिया गया वे धरने पर डटे रहे। कर्मचारियों के एकजुट विरोध के आगे एम्स प्रबंधन को झुकना पड़ा और बर्खास्तगी व ट्रांसफर के आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करना पड़ा।
ये भी पढ़ें: जिसके नाम से सुसाइड नोट, उसी की लिखावट ने खोल दिया राज! कोर्ट में फेल हुआ कथित फर्जी नोट, आरोपी युवकों को राहत
बहाली के बाद हड़ताल खत्म, उठे पारदर्शिता के सवाल
एम्स प्रबंधन द्वारा बहाली का नया आदेश जारी करने के बाद कर्मचारियों ने अपना आंदोलन और हड़ताल समाप्त करने का ऐलान किया है। हालांकि भले ही हाउसकीपिंग और वार्ड बॉय समेत सभी 260 कर्मचारियों को फिर से काम पर रख लिया गया हो, लेकिन बिना किसी पूर्व जानकारी के अचानक कर्मचारियों को हटाने और फिर 24 घंटे के अंदर ही फैसला पलटने की घटना से संस्थान की व्यवस्थाओं पर सवाल बरकरार हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

