संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देश विरोधी साजिशों को नाकाम किया है। ATS ने भोपाल से एक संदिग्ध स्लीपर सेल मोहम्मद फराज को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

3 साल से भोपाल में छिपा था फराज

शुरुआती जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी मोहम्मद फराज पिछले तीन साल से भोपाल में रह रहा था। वह यहाँ चुपचाप अपना नेटवर्क फैला रहा था और स्थानीय स्तर पर अपनी जड़ें मजबूत करने की कोशिश में जुटा था।

पाकिस्तानी हैंडलर्स से सीधा संपर्क, ‘टारगेट किलिंग’ की थी तैयारी

ATS की पूछताछ और जांच में आरोपी को लेकर कई बड़े और खौफनाक खुलासे हुए हैं। आरोपी मोहम्मद फराज एक पाकिस्तानी व्हाट्सएप ग्रुप से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था। वह सीधे तौर पर पाकिस्तानी आकाओं (हैंडलर्स) के संपर्क में था और उनके इशारों पर काम कर रहा था। सूत्रों के मुताबिक, फराज को सही समय आने पर ‘टारगेट किलिंग’ (चुनिंदा हत्याओं) को अंजाम देने के लिए इस नेटवर्क से जोड़ा गया था। पाकिस्तानी हैंडलर्स ने फराज को कई कट्टरपंथी और जिहादी वीडियो भेजे थे। इसके अलावा, आरोपी के पास से भारी मात्रा में डिजिटल और अन्य जिहादी सामग्री मिलने का भी दावा किया गया है।

भोपाल में पकड़ाया पाकिस्तानी जासूस: ATS ने किया गिरफ्तार, मोबाइल पर मिले जिहादी दस्तावेज, ट्रेनिंग के लिए जाने वाला था अफगानिस्तान

यूपी के देवबंद से भी जुड़े तार
इस आतंकी नेटवर्क के तार उत्तर प्रदेश से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। जांच में पता चला है कि भोपाल में बैठा फराज, यूपी के देवबंद के रहने वाले नईम अब्दुल्ला के लगातार संपर्क में था। एजेंसियां अब नईम अब्दुल्ला और उसके संपर्कों की भी कुंडली खंगाल रही हैं। देश के खिलाफ बड़ी साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने मोहम्मद फराज के खिलाफ UAPA (अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट) और अन्य गंभीर राष्ट्रविरोधी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

आतंकियों के निशाने पर मध्यप्रदेश!

इस गिरफ्तारी के बाद यह साफ हो गया है कि मध्यप्रदेश आतंकियों के निशाने पर है। फिलहाल ATS आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि प्रदेश और देश में फैले इसके पूरे स्लीपर सेल नेटवर्क और मददगारों का पर्दाफाश किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m