शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में पेंशनर्स को निशाना बनाने के लिए साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका निकाला है। इस बार ठगों ने बुजुर्गों को मिलने वाली पेंशन और उनके लाइफ सर्टिफिकेट यानि जीवन प्रमाण पत्र को अपना हथियार बनाया है। साइबर पुलिस ने इस नए ट्रेंड को लेकर आम जनता खासकर बुजुर्गों के लिए अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढ़ें: ‘पेड़ के नीचे’ पाठशाला! हरदा के आदिवासी बच्चों का भविष्य आज भी ‘धुंधला’, आजादी के 77 साल बाद भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित
पेंशन बंद होने का डर और फर्जी APK फाइल का खेल
साइबर पुलिस के मुताबिक ठग खुद को बैंक, पेंशन विभाग या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) का कर्मचारी बताकर पेंशनर्स को कॉल करते हैं। बातचीत के दौरान वे बुजुर्गों को डराते हैं कि उनका लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट नहीं है और अगर तुरंत ऐसा नहीं किया गया तो उनकी पेंशन बंद हो जाएगी।
पेंशन बंद होने के डर से घबराकर जैसे ही बुजुर्ग उनकी बातों में आते हैं, ठग उन्हें व्हाट्सएप या मैसेज के जरिए एक फर्जी लिंक या खतरनाक APK फाइल भेज देते हैं।
AnyDesk और TeamViewer ऐप से उड़ा रहे हैं पैसे
ठगों का जाल सिर्फ लिंक भेजने तक ही सीमित नहीं है। वे पेंशनर्स को झांसे में लेकर उनके मोबाइल में AnyDesk, TeamViewer या QuickSupport जैसी स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स इंस्टॉल करवा लेते हैं।
एक बार ये ऐप डाउनलोड होने के बाद, ठगों को पीड़ित के मोबाइल की स्क्रीन का पूरा एक्सेस मिल जाता है। इसके बाद वे नेट बैंकिंग, यूपीआई और बैंक खातों से जुड़ी बेहद गोपनीय जानकारियां आसानी से चुरा लेते हैं।
साइबर पुलिस की अपील: भूलकर भी न करें ये गलतियां
इस नए साइबर खतरे को देखते हुए पुलिस और डिजिटल सुरक्षा विशेषज्ञों ने पेंशनभोगियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है:
गोपनीय जानकारी न दें: किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी (OTP), यूपीआई पिन (UPI PIN), एटीएम कार्ड का सीवीवी (CVV) नंबर और बैंक डिटेल्स बिल्कुल साझा न करें।
अधिकृत माध्यमों का ही करें उपयोग: अपना लाइफ सर्टिफिकेट केवल अधिकृत सरकारी पोर्टल या सीधे अपनी बैंक शाखा में जाकर ही अपडेट करवाएं।
संदिग्ध कॉल की करें शिकायत: यदि आपके पास भी ऐसा कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज आता है, तो तुरंत इसकी जानकारी नजदीकी थाने या राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

