संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दीपावली के बाजार से लक्ष्मी और गणेश बम गायब हो गए है। आस्था के सम्मान में पटाखों का ट्रेंड बदल गया है। यानी देवी देवताओं के चित्र वाले पटाखे अब बाजारों में नहीं मिलेंगे। वहीं मुस्लिम दुकानदारों ने भी ऐसे पटाखों से दूरी बनाई है। धार्मिक आस्था और सम्मान को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है।
भोपाल में इस दिवाली बाजारों से देवी-देवताओं के चित्र वाले पटाखे गायब हो गए है। लक्ष्मी बम और गणेश बम जैसे पटाखे इस बार बाजार में नहीं मिल रहे है। दुकानदारों ने कंपनियों से देवी-देवताओं वाले पटाखे नहीं मंगवाए है। मुस्लिम दुकानदारों ने भी ऐसे पटाखों से दूरी बनाई है। व्यापारी शेख सलमान ने कहा कि धार्मिक भावनाएं आहत करने का हक किसी को नहीं है। धार्मिक आस्था और सम्मान को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है। देवी-देवताओं की तस्वीरों वाले पटाखों की जगह सामान्य नाम और डिजाइन वाले पटाखों की मांग है।

सावधानी बरतने की अपील
दीपावली पर आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि पटाखे हमेशा खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं। इमारतों, वाहनों, सूखी वनस्पतियों और ज्वलनशील पदार्थों से पर्याप्त दूरी रखें।
आतिशबाजी के दौरान सूती कपड़े पहनें और बंद जूते का इस्तेमाल करें। बच्चों को बिना वयस्क निगरानी के पटाखे न दें और उन्हें पटाखे जेब में नहीं रखने की समझाइश दें। पटाखे जलाते समय पानी या रेत से भरी बाल्टी पास में रखें और एक समय में केवल एक ही पटाखा जलाएं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

