शब्बीर अहमद, भोपाल। दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए राजधानी भोपाल में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। त्योहारों के दौरान आम जनता को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की अलग-अलग टीमों ने शहर के प्रमुख बाजारों में औचक निरीक्षण और कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को न्यू मार्केट क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने कई नामी प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए।
ये भी पढ़ें: इंदौर में सजेगा सेमीकंडक्टर सेक्टर का महामंच: 23-24 अक्टूबर को MP Semi Con Summit-2026, 50+ कंपनियां होंगी शामिल
न्यू मार्केट में इन दुकानों पर हुई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने न्यू मार्केट में विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर गहन जांच की:
ग्वालियर गजक एंड स्वीट्स भंडार: शिकायत मिलने के बाद टीम ने यहां से ‘पेंशन के लड्डू’ का नमूना जांच के लिए लिया।
आदर्श नमकीन सेंटर: दुकान से नमकीन सेव और उसे बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे सोयाबीन तेल का सैंपल लिया गया।
सागर जलेबी कॉर्नर: यहां से जलेबी और मावा जलेबी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
अग्रवाल प्रोविजनल स्टोर: टीम ने यहां भी छापा मारकर बादाम का नमूना जब्त किया और जांच के लिए भेजा।
सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भेजा गया है, जहां रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों पर मिठाई खरीदते वक्त इन बातों का रखें विशेष ध्यान
त्योहारी सीजन में मिलावट की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आम नागरिकों के लिए कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां बरतने की अपील की है:
खुली मिठाई से बचें: हमेशा ढंके हुए और हाइजीनिक खाद्य पदार्थों को ही प्राथमिकता दें।
अखबारी कागज का प्रयोग: कभी भी अखबार या रद्दी कागज पर रखकर दी जा रही मिठाई या नमकीन न खरीदें, क्योंकि छपाई की स्याही सेहत के लिए हानिकारक होती है।
गुणवत्ता की जांच: यदि खाद्य पदार्थों के रंग, गंध या स्वाद में किसी भी तरह की असामान्यता महसूस हो, तो उनका सेवन करने से बचें।
पैकेज्ड आइटम्स: पैकेटबंद मिठाई खरीदते समय उसकी पैकेजिंग, Manufacturing Date और उपयोग की Expiry Date की जांच जरूर करें।
ये भी पढ़ें: स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा से छेड़छाड़ और अभद्रताः 6 महीने में दूसरी बार हरकत, पार्षदों और स्थानीय लोगों में आक्रोश
खाद्य सामग्री में गड़बड़ी मिलने पर यहां करें शिकायत
यदि आपको बाजार में बिकने वाली किसी भी खाद्य सामग्री में मिलावट या गड़बड़ी की आशंका लगे, तो आप तुरंत निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों और माध्यमों पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं:
- मध्य प्रदेश खाद्य सुरक्षा विभाग (उपभोक्ता शिकायत): 0755-2660662
- ईमेल आईडी: [email protected]
- ऑनलाइन शिकायत पोर्टल: https://fdamp.mponline.gov.in/
- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा हेल्पलाइन: 1800-11-2100
- फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप: FSSAI के इस आधिकारिक एप के जरिए भी शिकायत दर्ज कर उसकी स्थिति ट्रैक की जा सकती है।
- राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (ईदगाह हिल्स): 0755-2666058
- सीएम हेल्पलाइन: 181
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

