संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाने में एक अधिवक्ता के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। वकीलों के दिन-रात चले उग्र प्रदर्शन, थाने के घेराव और कोर्ट चौराहे पर किए गए भारी चक्काजाम के बाद आखिरकार पुलिस प्रशासन को झुकना पड़ा। पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर जहांगीराबाद थाना प्रभारी (TI) और दो आरक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें: आगर मालवा में किसानों का शक्ति प्रदर्शन: कलेक्ट्रेट के बाहर बनाई दाल-बाटी! मनाने में जुटे अधिकारी
बुधवार सुबह से देर रात तक कोर्ट चौराहे पर चक्काजाम
जानकारी के अनुसार जहांगीराबाद थाने में अधिवक्ता राकेश रावल के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना से आक्रोशित वकीलों ने बुधवार सुबह से ही जहांगीराबाद थाने का घेराव कर दिया और कोर्ट चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। सुबह से शुरू हुआ यह प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा, जिससे पूरे इलाके में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। प्रदर्शनकारी वकील आरोपी पुलिसकर्मियों पर तत्काल FIR दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए थे।
TI राजन अहिरवार समेत 3 पर मामला दर्ज, जश्न में डूबे वकील
सख्त रुख और लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए जहांगीराबाद पुलिस ने थाना प्रभारी (TI) राजन अहिरवार और दो आरक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। एफआईआर दर्ज होने की सूचना मिलते ही वकीलों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया। मांग पूरी होने की खुशी में वकीलों ने कोर्ट चौराहे पर ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए जश्न मनाया।
ये भी पढ़ें: बिजली के तार जुड़े नहीं कि उड़ गए लाखों के पुर्जे: नल-जल योजना पर पड़ी चोरों की नजर, खेल देख पुलिस भी रह गई दंग
अधिवक्ता पर भी मामला दर्ज
गौरतलब है कि इस पूरे विवाद में क्रॉस केस सामने आया है। जहांगीराबाद थाने में ही एक ट्रैफिक सिपाही की शिकायत पर अधिवक्ता राकेश रावल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


