शब्बीर अहमद/संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आदिवासी छात्रों की समस्याओं को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के छात्र विंग द्वारा किए प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्रदर्शन के दौरान मिसरोद थाने के टीआई रतन सिंह परिहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे प्रदर्शनकारी आदिवासी छात्रो के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते और गालियां देते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में टीआई छात्रों को धमकाते हुए ‘यही कूट दूंगा’ जैसी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए भद्दी-भद्दी गालियां दे रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से आदिवासी संगठनों और राजनितिक गलियारों में भारी आक्रोश है। वहीं इस मामले में पुलिस कमिश्नर ने मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

ये भी पढ़ें: OBC आरक्षण पर सियासी घमासान! 50-50 फॉर्मूले से निकलेगा रास्ता? SC और विधानसभा को लेकर सरकार का नया प्लान, क्या मिलेगी कामयाबी?

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का कड़ा रुख

इस घटना के सामने आने के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने लिखा कि संविधान पुलिस द्वारा जोहार कहने पर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज किया जाना बेहद गंभीर और निंदनीय है।

उमंग सिंघार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ‘जोहार’ कोई गाली नहीं, बल्कि आदिवासी संस्कृति, पहचान, स्वाभिमान और सम्मान का प्रतीक है, जो प्रेम, आदर और भाईचारे का संदेश देता है। संस्कृति और अस्मिता का यह अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि वर्दी की ताकत नागरिकों को अपमानित करने के लिए नहीं होती। यदि किसी पुलिसकर्मी ने अपने पद का दुरुपयोग किया है, तो उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

ये भी पढ़ें: MP भाजपा में भवन निर्माण समिति का गठन; पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता बने संयोजक, अखिलेश जैन को मिली सचिव की कमान

बीजेपी ने भी दी तीखी प्रतिक्रिया, कहा- कार्रवाई होगी

इस पूरे मामले पर सियासी पारा चढ़ने के बाद भारतीय जनता पार्टी की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। बीजेपी ने स्पष्ट किया है कि आदिवासी समाज हमारा गौरव हैं और पुलिसकर्मियों की इस तरह की भाषा एक दंडनीय अपराध है। पार्टी ने कहा कि किसी भी वर्ग के व्यक्ति का अपमान करना गलत है और इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में जल्द ही कड़ी कार्रवाई किए जाने के संकेत दिए गए हैं।

निलंबन की गाज, होगी विभागीय जांच

आदिवासी छात्रों और युवाओं पर अभद्र टिप्पणी मामले में पुलिस कमिश्नर ने बड़ी कारर्वाई की है। पुलिस कमिश्नर ने मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह को निलंबित कर दिया है और मामले में विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि निलंबन के बाद अब विभागीय जांच में मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m