शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में कुछ दिन पहले हुई बुजुर्ग दंपति की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने हत्यारों की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। मामले की जांच कर रही टीम अभी तक हत्यारों का कोई ठोस सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस अब जनता से सीधे सहयोग मांग रही है।

क्या है पूरा मामला?

ऐशबाग क्षेत्र में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति की उनके घर में हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मौके से जो दस्तावेज बरामद किए हैं, उनमें एक चर्च की विवादित संपत्ति से जुड़े कागजात भी शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्या की वजह संपत्ति विवाद हो सकता है। फिलहाल जांच सुपारी किलिंग (कॉन्ट्रैक्ट किलिंग) के एंगल से भी की जा रही है।

READ MORE: Gwalior NEWS: 111 करोड़ की बर्बादी पर हाई कोर्ट सख्त, सीवरेज प्रोजेक्ट पर सरकार को फटकार- “प्रशासन गहरी नींद में है”

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को हत्या करने वालों, साजिश रचने वालों या मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उन्हें 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। अभी तक पुलिस ने इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।

घर में मिले थे सड़ चुके शव

रिटायर्ड रेलकर्मी हेमंत बारीक और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक के शव उनके घर से बरामद हुए थे। किराएदारों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक दोनों शव सड़ने लगे थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या कई दिन पहले की गई थी।

बैंक खाते, रिश्तेदार और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

जांच टीम मृतक दंपति के रिश्तेदारों, परिचितों, संपत्ति, बैंक खातों और रिटायरमेंट फंड से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इसके साथ ही पिछले 6 महीने के बैंक ट्रांजैक्शन, मोबाइल कॉल डिटेल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m