शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल में पूर्व आईएएस अधिकारी की हत्या ने पूरे प्रशासनिक और राजनीतिक महकमे को हिलाकर रख दिया है। भोपाल में रिटायर्ड आईएएस (IAS) अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके ही घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधा है। 

READ MORE: रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट; नौकर पर शक की सुई

‘राजधानी में भी सुरक्षित नहीं हैं लोग’- उमंग सिंघार

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भोपाल की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा: ‘भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि राजधानी भोपाल में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव जी के राज में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। जब राजधानी में एक रिटायर्ड IAS अधिकारी अपने ही घर में सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? मुख्यमंत्री जी, प्रदेश को अपराधियों के भरोसे छोड़कर जवाबदेही से नहीं बच सकते।”

जांच में जुटी पुलिस

राजधानी के पॉश इलाके में पूर्व आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या की खबर मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की उच्च स्तरीय टीमें मौके पर पहुँचीं। घर से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, हालांकि इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस से प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m