शिखिल ब्यौहार, भोपाल। राजधानी भोपाल के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में भोपाल पुलिस को मुख्य आरोपी की महत्वपूर्ण सुराग और पहचान हाथ लगी है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी का ताजा फोटो और उसका वर्तमान हुलिया जारी कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया गया है। पुलिस आम जनता से आरोपी की धरपकड़ के लिए मदद मांग रही है।

गले पर बना टैटू ही है मुख्य पहचान 

भोपाल पुलिस द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम वरुण बाल्मीकि है, जो आशा कॉलोनी, तहसील नाभा, जिला पटियाला (पंजाब) का मूल निवासी है। पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए उसके हुलिए की खास बात साझा की है। आरोपी के गले पर एक विशिष्ट टैटू बना हुआ है, जो उसकी सबसे बड़ी और प्रत्यक्ष पहचान है।

50 हजार का इनाम घोषित

हत्याकांड के बाद से ही फरार चल रहे आरोपी वरुण की तलाश में पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन ने आरोपी की सटीक सूचना देने या उसे गिरफ्तार करवाने में मदद करने वाले व्यक्ति को 50,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है।

पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

इसके साथ ही भोपाल पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष संपर्क नंबर जारी किए हैं, जिस पर कोई भी व्यक्ति आरोपी से जुड़ी जानकारी गोपनीय तरीके से साझा कर सकता है 

  • क्राइम ब्रांच भोपाल: 9479990574
  • थाना रातीबड़: 9479990689