संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर लल्लूराम डॉट कॉम की खबर का असर हुआ है। 12वीं बोर्ड परीक्षा की एक छात्रा ने एमपी बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया था। छात्रा का आरोप था कि उत्तरपुस्तिका में सही जवाब होने के बाद भी गलत मूल्यांकन किया गया। इस खबर को प्रकाशित करने के बाद माशिमं हरकत में आया और कॉपियों की दोबारा जांच करने की बात कही है।
मध्यप्रदेश बोर्ड की मूल्यांकन प्रक्रिया पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कक्षा 12वीं की छात्रा पूर्वा शर्मा ने आरोप लगाया है कि राजनीति शास्त्र, हिंदी और इतिहास विषय में NCERT की किताबों के आधार पर सही उत्तर लिखने के बावजूद उसके अंक काट दिए गए। छात्रा का कहना है कि उत्तरपुस्तिका पूरी तरह सही होने के बाद भी कॉपी में उचित मूल्यांकन नहीं किया गया।
ये भी पढ़ें: सही जवाब फिर भी मिले गलत अंक ? 12वीं की छात्रा ने जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल, लगाए ये गंभीर आरोप
भोपाल बोर्ड के सीएसओ ने कही ये बात
इस मुद्दे को लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद एमपी बोर्ड प्रशासन हरकत में आया है। भोपाल बोर्ड के सीएसओ भूपेश गुप्ता ने कहा है कि छात्रा पूर्वा शर्मा शुक्रवार को गोपनीय शाखा में आकर अपनी उत्तरपुस्तिका जमा कर सकती है। भूपेश गुप्ता ने आगे कहा कि यह कहना गलत होगा कि नंबर कम दिए गए हैं। यदि किसी छात्र की उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन रह गया है, तो वह अपनी पुस्तिका गोपनीय शाखा में जमा कर सकता है। इसके बाद वैधानिक प्रक्रिया के तहत पुन जांच कर पात्रता अनुसार अंक प्रदान किए जाएंगे। छात्र इसके लिए मंडल में आवेदन भी दे सकता है।

