कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। वहसे मंगलवार दोपहर नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें रातभर अस्पताल में रुकने और आराम करने की सलाह दी।

हुड्डा ने खुद अपने स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉक्टर बुधवार सुबह कुछ और मेडिकल टेस्ट करेंगे। इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर उनकी छुट्टी को लेकर फैसला लिया जाएगा। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनकी जांच की जा रही है।

पत्नी और बेटा दीपेंद्र हुड्डा अस्पताल में मौजूद

अस्पताल में हुड्डा के साथ उनकी पत्नी आशा हुड्डा और बेटे दीपेंद्र हुड्डा भी मौजूद हैं। दीपेंद्र हुड्डा कांग्रेस से सांसद हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में उनके साथ हैं।

राजनीतिक गलियारों में भी स्वास्थ्य की चर्चा

भूपेंद्र हुड्डा के एम्स में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद हरियाणा के राजनीतिक हलकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चा शुरू हो गई। भाजपा और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेताओं ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। अब सभी की नजर बुधवार को होने वाली जांच और डॉक्टरों के फैसले पर है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m