हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने करनाल में दिवंगत कैप्टन इकबाल सिंह कदियान के निवास स्थान पहुंचकर शोक व्यक्त किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने पेपर लीक मामले पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की।
सुमन चौहान, करनाल। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा करनाल पहुंचे। उन्होंने दिवंगत कैप्टन इकबाल सिंह कदियान के निवास स्थान लाल फार्म हाउस में पहुंचकर उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी एक राजनीतिक पार्टी या राहुल गांधी की मांग नहीं है, बल्कि यह देश के छात्र-छात्राओं के हित की बात है। उन्होंने कहा कि पूरी व्यवस्था के लिए जिम्मेदार होने के नाते धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जरूरी है।

पेपर लीक बिल पर उठाए सवाल
पेपर लीक बिल मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सवाल उठाया कि इससे क्या होगा, यह तो आने वाले समय की बात है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात के लिए कहीं न कहीं शिक्षा मंत्री ही जिम्मेदार हैं और उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।


