चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के तीन दिवसीय मानसून सत्र के हंगामेदार समापन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर तीखा हमला बोला। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुड्डा ने सत्र के दौरान हुए घटनाक्रम को अपने लंबे राजनीतिक करियर का सबसे अलोकतांत्रिक दौर बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दों पर विपक्ष के सवालों का जवाब देने के बजाय सरकार ने आंकड़ों की हेराफेरी की और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की।
हुड्डा ने कहा कि कई मामलों में चर्चा शुरू होने से पहले ही मंत्रियों की ओर से जवाब आ गया। उनके मुताबिक, इससे साफ है कि सरकार विपक्ष के सवालों का सामना नहीं करना चाहती। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, विधायक गीता भुक्कल, अशोक अरोड़ा, बीबी बत्रा और आफताब अहमद समेत कई कांग्रेस विधायक मौजूद रहे।
हुड्डा बोले राजनीतिक जीवन में ऐसा माहौल पहली बार देखा
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उनके पूरे राजनीतिक करियर में विधानसभा के अंदर और बाहर ऐसा माहौल कभी नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की पोल खुलने के डर से विधायकों को अलोकतांत्रिक तरीके से रोका गया।
हुड्डा के मुताबिक, विपक्ष को जनहित के मुद्दे उठाने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए सही नहीं है।
तख्तियों को लेकर सरकार पर दोहरे रवैये का आरोप
हुड्डा ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें विपक्ष के विधायकों को गलत ठहराने की बात कही गई थी। उन्होंने पूछा कि अगर विधानसभा के पहले दिन विधायकों को तख्तियां ले जाने से रोका गया था, तो दूसरे दिन इसकी अनुमति क्यों दी गई।
हुड्डा ने इसे सरकार की विफलता और दोहरे रवैये का उदाहरण बताया।
सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
सफाई कर्मचारियों के काम रोको प्रस्ताव को लेकर भी हुड्डा ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होने से पहले ही मंत्री की ओर से जवाब दिया गया, जो प्रक्रिया के खिलाफ था।
हुड्डा ने दावा किया कि सरकार सफाई कर्मचारियों को पक्का करने की मांग पर राय लिए जाने की बात कह रही है। उनके मुताबिक, कांग्रेस सरकार ने 2014 में ही इन्हें पक्का करने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया था। इसमें आरक्षण का भी स्पष्ट प्रावधान था।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रही है।
HKRN को लेकर बोले- व्हाट्सएप पर नौकरी से निकाला जा रहा
हरियाणा कौशल रोजगार निगम यानी HKRN को लेकर भी हुड्डा ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री ने खुद माना है कि HKRN की नौकरी सरकारी नौकरी नहीं है।
हुड्डा ने कहा कि सरकार जॉब सिक्योरिटी के बड़े-बड़े दावे कर रही है। दूसरी ओर, उनके पास ऐसे युवा आ रहे हैं जिन्हें व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर नौकरी से हटाया जा रहा है।
सदन में गलत आंकड़े पेश करने का लगाया आरोप
हुड्डा ने सरकार पर विधानसभा के पटल पर गलत और भ्रामक आंकड़े पेश करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सदन को गुमराह करने का सीधा मतलब प्रदेश की जनता को धोखा देना है।
उन्होंने कहा कि ज नहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए और विधानसभा में सही आंकड़े रखने चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के कई नेता रहे मौजूद
चंडीगढ़ में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध के अलावा विधायक गीता भुक्कल, अशोक अरोड़ा, बीबी बत्रा और आफताब अहमद समेत कांग्रेस के कई प्रमुख विधायक मौजूद रहे।
हुड्डा ने मानसून सत्र के दौरान विपक्ष के साथ हुए व्यवहार, सफाई कर्मचारियों और HKRN से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



