करनाल। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा करनाल पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान विधानसभा सत्र में हुए घटनाक्रम, अवैध कॉलोनियों, अभय चौटाला के बयान, सज्जन सिंह मामले, किसानों की मांग और सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा।

हुड्डा ने विधानसभा सत्र को लेकर कहा कि सदन में जो कुछ हुआ, वह सभी के सामने है। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में ऐसा माहौल बनाया गया, जिसमें विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों का सरकार के पास कोई जवाब नहीं था। हुड्डा ने कहा कि उन्हें गेट के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद उन्होंने विरोध किया। उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने की मांग की है। उनके मुताबिक, जांच के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

अवैध कॉलोनियों और जलभराव को लेकर सरकार पर निशाना

हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा कि यह अवैध कॉलोनियां काटने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कितनी अवैध कॉलोनियां विकसित हुई हैं और गुरुग्राम के हालात क्या हैं, यह किसी से छिपा नहीं है।

उन्होंने कहा कि कई जगह सीवरेज की सफाई नहीं हुई और जल निकासी की उचित व्यवस्था भी नहीं की गई। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हुड्डा ने कहा कि बारिश होते ही जलभराव और अव्यवस्थाओं की तस्वीर सामने आ जाती है और जनता की परेशानी बढ़ जाती है।

अभय चौटाला के बयान पर हुड्डा का पलटवार

विधानसभा सत्र को लेकर इनेलो नेता अभय चौटाला द्वारा दिए गए बयान पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अभय चौटाला अब विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बाकी बातें सभी को पता हैं।

हुड्डा ने आरोप लगाया कि अभय चौटाला अपनी राजनीति के लिए जमीन तलाश रहे हैं, जो उनके अनुसार अब खिसक चुकी है।

सज्जन सिंह मामले पर बोले- क्लैरिफिकेशन सामने आ चुका है

सज्जन सिंह मामले और कुलदीप शर्मा द्वारा दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ लिखे गए पत्र को लेकर सवाल पूछे जाने पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस मामले में क्लैरिफिकेशन सामने आ चुका है। उन्होंने दावा किया कि दीपेंद्र हुड्डा ने ऐसी कोई बात नहीं कही थी।

उन्होंने कहा कि वहां भाजपा के सांसद और विधायक भी गए थे तथा कांग्रेस के भी कई नेता मौजूद थे। हुड्डा ने कहा कि किसी व्यक्ति के निधन के बाद सभी लोग श्रद्धांजलि देने जाते हैं।

बोले- मेरी किसी से नाराजगी नहीं

अपनी नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उनकी किसी से कोई नाराजगी नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि वह उनके घर क्यों नहीं जाते, तो हुड्डा ने कहा कि उन्हें बुलाया ही नहीं जाता।

हुड्डा ने कहा कि वह किसी से द्वेष नहीं रखते और सभी के प्रति उनका नजरिया सामान्य है।

किसानों की मांग को बताया जायज

किसानों के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मांग जायज है, लेकिन सरकार उनकी मांगों को मानना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि कानूनी तौर पर MSP लागू किया जाना चाहिए, ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके।

सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

मीडिया से बातचीत के दौरान हुड्डा ने विधानसभा में सफाई कर्मचारियों के मुद्दे को लेकर हुए घटनाक्रम पर भी बात की। उन्होंने बताया कि सदन में इस मुद्दे को लेकर किस तरह का माहौल रहा और उनकी सरकार के समय सफाई कर्मचारियों के लिए क्या व्यवस्था थी। हुड्डा ने इस मुद्दे को भी जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों में शामिल बताते हुए सरकार पर सवाल उठाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m