हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राजनीतिक रिटायरमेंट को लेकर बयानों का दौर तेज हो गया है। चौधरी बीरेंद्र सिंह की टिप्पणी के बाद विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच नई राजनीतिक बहस छिड़ गई है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री Bhupinder Singh Hooda के रिटायरमेंट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बार बयान पूर्व केंद्रीय मंत्री Birender Singh की तरफ से आया है, जिन्होंने रोहतक में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि “हुड्डा डेढ़ साल बाद रिटायर हो जाएगा।” यह बयान ऐसे समय आया है जब हरियाणा में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं और विपक्ष के भीतर भी नेतृत्व को लेकर चर्चाएं जारी हैं।

चौ. बीरेंद्र सिंह का यह बयान इसलिए भी सियासी गलियारों में ज्यादा चर्चा का विषय बन गया है क्योंकि रिश्ते में वह हुड्डा के भाई लगते हैं। साथ ही उनके बेटे और पूर्व सांसद Brijendra Singh की सद्भाव यात्रा का समापन हुड्डा के गढ़ किलोई में होना भी कई राजनीतिक संकेत छोड़ रहा है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री Manohar Lal Khattar भी हुड्डा के राजनीतिक संन्यास को लेकर टिप्पणी कर चुके हैं। लगातार आ रहे ऐसे बयानों ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या यह महज राजनीतिक टिप्पणी है या फिर कोई सोची-समझी रणनीति?

राजनीतिक विश्लेषकों के बीच चर्चा है कि क्या हुड्डा आज भी हरियाणा की राजनीति में इतने प्रभावशाली हैं कि भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस के कुछ नेताओं को भी उनकी सक्रियता चुनौती लग रही है।

पिछले चुनावों और संगठनात्मक पकड़ को देखें तो हुड्डा अब भी कांग्रेस के सबसे मजबूत चेहरों में गिने जाते हैं। ऐसे में सीधे राजनीतिक मुकाबले के बजाय “रिटायरमेंट” की बहस खड़ी कर उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश तो नहीं हो रही—यह सवाल भी उठने लगे हैं। हालांकि इसे लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों की अपनी व्याख्या है।

वहीं इस पूरे विवाद पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले ही साफ कर चुके हैं कि “मैं ना टायर्ड हूं और ना रिटायर्ड हूं। रिटायरमेंट का फैसला मेरा खुद का होगा, कोई और इसका फैसला नहीं ले सकता।” हुड्डा का यह जवाब साफ संकेत देता है कि फिलहाल राजनीति छोड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है। अब देखने वाली बात यह होगी कि आने वाले दिनों में यह बयानबाजी सियासी गर्मी बढ़ाती है या फिर इसे केवल राजनीतिक बयान मानकर छोड़ दिया जाता है।