कुरुक्षेत्र |कुरुक्षेत्र के लाडवा रोड स्थित शंकर कॉलोनी में देर रात एक दर्दनाक हादसे में 11KV हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्तियों ने हाल ही में एक मकान किराए पर लिया था। वे देर रात मकान की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान बालकनी के बेहद नजदीक से गुजर रही 11KV हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गए।करंट इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

लगातार दूसरे दिन हुआ हादसा

चौंकाने वाली बात यह है कि एक दिन पहले भी कुरुक्षेत्र में 11KV बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई थी। लगातार दूसरे दिन हुई इस घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।

इलाके में शोक, लोगों में रोष

स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में घरों के बेहद करीब से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइनें कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। दो लोगों की मौत के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ बिजली विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है।