सोनीपत। सीएम फ्लाइंग की टीम ने सोनीपत में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के एक बड़े जखीरे का खुलासा किया है। शुगर मिल के सामने स्थित मलिक पोल्ट्री फार्म पर छापेमारी के दौरान करीब 400 पेटियां शराब बरामद की गईं। करोड़ों रुपये की बताई जा रही इस खेप के सामने आने के बाद आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान बरामद शराब की पेटियों पर किसी प्रकार का होलोग्राम नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में जब्त शराब की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

विभागों की भूमिका पर उठे सवाल

इतनी बड़ी मात्रा में शराब का जखीरा मिलने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि आखिर यह खेप कब से यहां रखी हुई थी और संबंधित विभागों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग और सिविल लाइन थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

जांच में जुटी पुलिस और आबकारी विभाग

अधिकारियों का कहना है कि अब यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। मामले में शामिल लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच जारी है।