गुलशन कुमार ,नारनौल।नारनौल के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान विजय अस्पताल ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए अपनी नई और आधुनिक ओपीडी विंग का शुभारंभ किया है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक ॐ प्रकाश यादव ने फीता काटकर नई विंग का उद्घाटन किया।
अस्पताल निदेशक डॉ. विनीत यादव ने बताया कि नई ओपीडी विंग शुरू होने के बाद मरीजों को परामर्श, जांच और उपचार की सुविधाएं अधिक व्यवस्थित और सुगमता से मिलेंगी। इसके साथ ही विजय अस्पताल अब 250 बेड क्षमता वाला क्षेत्र का पहला अस्पताल बन गया है।
उन्होंने कहा कि इससे नारनौल और आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी और बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
सितंबर से शुरू होगी अत्याधुनिक कैंसर यूनिट
कार्यक्रम की सबसे बड़ी घोषणा करते हुए अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि सितंबर माह से अस्पताल में आधुनिक कैंसर यूनिट शुरू की जाएगी।इस यूनिट में मरीजों को एक ही छत के नीचे कीमोथेरेपी,रेडिएशन थेरेपी,ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों की सेवाएं जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक बोले- ऐतिहासिक कदम
विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि जिले में कैंसर उपचार की आधुनिक सुविधा शुरू होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे सैकड़ों मरीजों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सेवा भावना और दूरदर्शिता के कारण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।

रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह
स्वर्गीय श्रीमती कृष्णा देवी की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में विशाल रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें 157 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।युवाओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी रक्तदाताओं को हेलमेट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। अस्पताल प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

