रांची। रांची जिला पुलिस बल में एक साथ बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बदली गई है। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के तहत 459 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। इनमें 391 पुरुष और 68 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। नई पोस्टिंग के बाद जिले के कई थानों, ओपी और पुलिस इकाइयों में पुलिस बल का पूरा समीकरण बदल जाएगा।

थाना रिजर्व गार्ड से पुलिस लाइन तक बदली जिम्मेदारी

तबादला आदेश में डीएपी, एच डीएपी, एल डीएपी और ओआर श्रेणी के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। कई जवानों को मौजूदा थाना रिजर्व गार्ड से हटाकर दूसरे थाना रिजर्व गार्ड में भेजा गया है। वहीं कुछ की तैनाती पुलिस लाइन, यातायात, महिला थाना और अन्य पुलिस इकाइयों में की गई है।

कई थानों में नई तैनाती

आदेश के अनुसार कोतवाली, सदर, डोरंडा, अरगोड़ा, जगन्नाथपुर समेत रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की नई पदस्थापना की गई है। सूची में दयानंद कुमार, संजीव कुमार, राकेश कुमार, अरुण कुमार, रवि कुमार, अमित कुमार, मनोज उरांव, राजेश कुमार, सुशील कुमार और विकास कुमार समेत बड़ी संख्या में जवानों के नाम शामिल हैं।

महिला पुलिस बल में भी बड़ा बदलाव

फेरबदल में 68 महिला पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग भी बदली गई है। अर्चना देवी, कविता देवी, प्रतिमा देवी, रंजना देवी, सुनीता कुमारी, पूनम देवी और अंजलि कुमारी समेत कई महिला जवानों को अलग-अलग थानों और पुलिस प्रतिष्ठानों में भेजा गया है।महिला थाना समेत कोतवाली, सदर, डोरंडा, अरगोड़ा और जगन्नाथपुर क्षेत्र में भी नई तैनाती की गई है।

आदेश जारी, जल्द देना होगा योगदान

एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी तबादला किए गए पुलिसकर्मियों को नई पदस्थापना पर जल्द योगदान देने का निर्देश दिया गया है। आदेश के साथ प्रत्येक जवान की वर्तमान तैनाती और नई पदस्थापना का विवरण भी जारी किया गया है।इस बड़े फेरबदल के बाद रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती और ड्यूटी व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा।