चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत देते हुए फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों पर भारी सब्सिडी देने का फैसला किया है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से किसानों को 12 प्रकार के कृषि यंत्रों पर 50 फीसदी तक अनुदान दिया जाएगा।
सरकार की इस योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह योजना वर्ष 2026-27 के दौरान राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) के तहत लागू की जाएगी।
विभाग के अनुसार किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और खेती को अधिक आधुनिक व पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकेगा।
इन कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान
योजना के तहत हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, सुपर सीडर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर, मल्चर, स्ट्रॉ बेलर सहित कई आधुनिक कृषि यंत्रों पर सब्सिडी दी जाएगी।
इस वेबसाइट पर करें आवेदन
किसान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरकार का मानना है कि इस योजना से किसानों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ फसल अवशेष प्रबंधन की समस्या का भी समाधान होगा।

