फतेहाबाद/टोहाना। हरियाणा के फतेहाबाद जिले में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फतेहाबाद से टोहाना आ रही विशाल टूर एंड ट्रेवल की 52 सीटर बस गांव अमानी और भोडी के बीच अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में एक महिला समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से नागरिक अस्पताल टोहाना पहुंचाया गया।

यात्रियों ने चालक पर लगाए लापरवाही के आरोप

बस में सवार यात्रियों का आरोप है कि चालक शुरुआत से ही तेज रफ्तार में बस चला रहा था। गांव चंदड़ निवासी यात्री राममेहर ने बताया कि भोडी गांव के पास बस अचानक बेकाबू हो गई और सड़क से उतरकर खेत में पलट गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी बीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस कर्मचारी राजेश ने बताया कि अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि घायलों का उपचार जारी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।

मौके पर पहुंचे राज्यसभा सांसद सुभाष बराला

हादसे की सूचना मिलते ही राज्यसभा सांसद सुभाष बराला भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार थे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बस को कब्जे में ले लिया गया है और चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।