चंडीगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरियाणा के वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम से 1000 ‘मेड इन इंडिया’ इलेक्ट्रिक वाहनों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर एनसीआर क्षेत्र में हरित परिवहन अभियान की शुरुआत की। इस पहल को स्वच्छ ऊर्जा और प्रदूषण मुक्त परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस मौके पर राव नरबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने ग्रीन एमएस इंडिया और विंग गुरु ज्वाइंट स्टॉक कंपनी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी से वायु प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौती से निपटने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण, बेहतर हवा और गुणवत्तापूर्ण जीवन सुनिश्चित करना भी है। पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक प्रगति एक-दूसरे के पूरक हैं तथा हरित तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी भविष्य की आवश्यकता बन चुकी हैं।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी ई-वाहनों के लिए होंगे चार्जिंग स्टेशन
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार कर रही है। रेवाड़ी और पंचकूला में हरियाणा रोडवेज के लिए अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग डिपो विकसित किए जा रहे हैं, वहीं राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी ई-वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम ‘प्रकृति से प्रेरित—जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए’ है, जो पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देती है।

