कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार राज्य के शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए सैटलाइट टाउनशिप परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। कल हुई सम्राट कैबिनेट की बैठक में 11 सैटलाइट टाउनशिप को लेकर बड़ी घोषणा की गई है। इसपर मंत्री नीतीश मिश्रा का बड़ा बयान सामने आया है।
जमीन खरीद बिक्री पर लगी रोक पर कही ये बात
बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कैबिनेट में 11 टाउनशिप बनाने का निर्णय लिया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना पर सरकार व्यापक तरीके से काम करना शुरू कर चुकी है। उन्होंने कहा कि, 11 जगह में से सात जगह पर 31 मार्च 2027 पर जमीन खरीदने बेचने एवं ट्रांसफर करने पर रोक लगी हुई थी, बहुत लोगों से शिकायत आ रही थी की आकस्मिक जरूरत होने पर उसका भुगतान कैसे होगा?
उन्होंने कहा कि, राज्य मंत्री परिषद की कल हुई बैठक में तीन तरह का संशोधन किया गया है, जिन किसानों को आकस्मिक आवश्यकता होगी, उनका आवास बोर्ड के माध्यम से जमीन खरीदी जाएगी। इसके लिए उन्हें आवेदन देना होगा।
‘कोई समस्या है, तो मुझे बताइए’
वहीं, मानसून को देखते ही पटना की जर्जर सड़कों और बारिश के दौरान होने वाले जलजमाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री उन्होंने कहा कि, पटना ही नहीं अन्य नगर निगम नगर परिषद में भी अगर ऐसी कोई समस्या है, तो जनता हमें बताएं। जनता सीधे उन्हें सोशल मीडिया पर टैग कर भी मामले की जानकारी दे सकती है, सभी मामलों पर वह खुद नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों से रिपोर्ट ले रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि, इस बार जलजमाव की स्थिति नहीं हो, इसको लेकर विभाग ने पूरी तैयारी कर लिया है।

