अररिया। बिहार के अररिया-पूर्णिया मार्ग पर कुसियार गांव पार्क के समीप बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मारुति ब्रेजा कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई जिनमें एक ही परिवार के मां-बेटे और उनके रिश्तेदार शामिल हैं।

​साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई गाड़ियां

​हादसे के वक्त घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पूरी घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। अररिया-पूर्णिया मार्ग पर अचानक एक साइकिल सवार मुख्य सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में 100 किमी/घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ रही स्कॉर्पियो कार अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराई और फिर विपरीत दिशा से करीब 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आ रही मारुति ब्रेजा कार में सीधे जा घुसी।

​मौके पर मची चीख-पुकार अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा

​टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कॉर्पियो की पिछली सीट पर बैठे तीन लोग बुरी तरह लहूलुहान हो गए और उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को अररिया सदर अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने तीन और लोगों को मृत घोषित कर दिया।

​मृतकों और घायलों की हुई पहचान

​इस हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों की शिनाख्त हो चुकी है। मृतकों में पूर्णिया जिले के बिशनपुर गांव निवासी 60 वर्षीय मयानंद झा, 60 वर्षीय शांति देवी और उनका 49 वर्षीय बेटा गौतम कुमार झा शामिल हैं। शांति देवी और गौतम मां-बेटे थे, जबकि मयानंद झा रिश्ते में शांति देवी के देवर थे। वहीं मृतक साइकिल सवार की पहचान अररिया के गैयारी गांव निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद कोनेन के रूप में हुई है।

​अंतिम संस्कार में जा रहा था परिवार, कई लोग घायल

​प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे जो मधेपुरा जिले के रामनगर में अपने मामा के अंतिम संस्कार (क्रिया-कर्म) में शामिल होने जा रहे थे। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों के अलावा कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें जवाहर झा (60), लक्ष्मी ठाकुर (43) और मधु लता देवी (55) शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और तेज रफ्तार व लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह मानते हुए जांच शुरू कर दी है।