कुंदन कुमार, पटना। बिहार बंद के दौरान आज शनिवार (25, जुलाई को) पटना के डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान कुछ असमाजिक तत्वों ने अचानक पुलिस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए उन्हें खदेड़ा। इस दौरान पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
छात्रों की भीड़ में घुसे अराजक तत्व- पुलिस
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि ये सब अराजकतत्व भीड़ में घुस गए हैं। ये सब पटना के लोकल लोग हैं। वहीं, प्रदर्शन कर रही कुछ छात्राओं ने कहा कि, प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जो छात्र आए हैं, वो शांति के साथ बैठकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रदर्शन को बदनाम करने के लिए कुछ असमाजिक तत्व भीड़ में घुस गए हैं, जिन्होंने पत्थर बाजी की है।
तेज प्रताप यादव गिरफ्तार
बिहार बंद आह्वान के दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लालू यादव के बड़े बेटे और जजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव का समर्थन मिला है। तेज प्रताप यादव खुद छात्रों के साथ सड़क पर उतर चुके हैं। उन्होंने छात्रों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान वहां सुरक्षा बल में तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया और अपने साथ लेकर चले गए।
सासाराम में प्रदर्शनाकारियों ने जमकर काटा बवाल

सासाराम में विभिन्न संगठनों द्वारा बिहार बंद के अहवान पर प्रदर्शनकारियों ने सासाराम पोस्ट ऑफिस पर जमकर बवाल काटा तथा जोरदार हंगामा किया है इस दौरान सड़क पर लगे बैरिकेडिंग एवं डिवाइडर को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। साथ ही ट्रैफिक पोस्ट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। लाठी, डंडा और झंडा के साथ प्रदर्शनकारी जब सड़क पर उतरे तो आसपास के लोग भाग खड़े हुए। इस दौरान भगदड़ की स्थिति हो गई। भगत सिंह नौजवान सभा के बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वही भीम आर्मी के लोगों ने भी समाहरणालय के समक्ष धरना दे रहे हैं।


