CM Samrat Choudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कल 28 जुलाई को मुंगेर जिले के तारापुर में शिक्षा एवं पुलिस अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। सीएम ने तारापुर विधानसभा क्षेत्र के सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के तहत तारापुर, गनैली, असरगंज, चाखंड, संग्रामपुर समेत चयनित अन्य उच्च विद्यालयों का समेकित उद्घाटन किया।

स्मार्ट क्लास में होगी पढ़ाई

इन मॉडल स्कूलों में स्मार्ट क्लास, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, डिजिटल शिक्षण सुविधाएं तथा समृद्ध पुस्तकालय विकसित किए गए हैं। इस दौरान सीएम सम्राट ने विद्यालय परिसर में स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय एवं कक्षाओं का निरीक्षण किया तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर पठन-पाठन से संबंधित जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिया।

मॉडल थाना भवन का उद्घाटन

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर प्रखंड के हरपुर में नवनिर्मित मॉडल थाना भवन का भी उद्घाटन किया। इसके बाद थाना भवनों का निरीक्षण कर उन्होंने उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि भवन में जन सुनवाई, अभिलेख प्रबंधन, निगरानी नियंत्रण कक्ष, महिला एवं बाल सुविधा कक्ष, वायरलेस तथा कंप्यूटर कक्ष सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक थाना भवनों, पुलिस लाइन, प्रशिक्षण केंद्रों तथा अन्य पुलिस अवसंरचनाओं के निर्माण से कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी, इससे अपराध नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई की क्षमता और मजबूत होगी।

हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलना लक्ष्य

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने असरगंज, जलालाबाद में रामानंद एवं परसी-राम उच्च विद्यालय परिसर में राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना कर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके घर के निकट उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि, तारापुर की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें विधायक बनाया, उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि असरगंज डिग्री कॉलेज का जो वादा किया गया था, आज वह पूरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं एन०डी०ए० नेतृत्व के सहयोग से बिहार के विकास का संकल्प तेजी से पूरा किया जा रहा है।

211 नए डिग्री कॉलेज में पढ़ाई की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों एवं संसाधनों के अभाव में पहले गरीब परिवारों के बच्चे नीट एवं जे०ई०ई० जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते थे, लेकिन अब हर प्रखंड में उच्च शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य के विभिन्न प्रखण्डों में 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन की शुरूआत की गई है। अब यह संख्या बढ़कर 212 हो गई है।

सभी बीएड कॉलेज में खुलेंगे डिग्री कॉलेज

उन्होंने कहा कि, बिहार के सभी बीएड कॉलेजों में भी चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। सभी प्रखंडों में लाइव क्लास की सुविधा उपलब्ध होगी तथा डिजिटल ऐप के माध्यम से विद्यार्थी रात 11 बजे भी शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अब शनिवार को सरकारी विद्यालयों में हाफ-डे पढ़ाई होगी। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल-कूद की भी बेहतर व्यवस्था की जा रही है। असरगंज विद्यालय के सामने स्थित मैदान का विकास कराया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोरर्ट को किया जाएगा विकसित

सीएम सम्राट ने कहा कि, तारापुर में उद्योगों की स्थापना की जाएगी तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इससे क्षेत्र के युवाओं को बिहार में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा मुंगेर और तारापुर विकास के नए केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से बाबा धाम तक की कांवर यात्रा सामाजिक समरसता का अ‌द्भुत उदाहरण है। एक ही रंग के वस्त्र पहनकर, समान भाव से श्रद्धालु 100 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं, इससे बड़ा सामाजिक समानता का उदाहरण दुनिया में दुर्लभ है।

ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार में फिर से सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट