Bihar Today Weather: बिहार में बीते दिनों कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर से सक्रिय होता दिख रही है, जिसके चलते प्रदेश भर के मौसम में बदलाव देखने मिल रहा है। मौसम विभाग ने 30 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी के चलने की संभावना जताई है। इस दौरान कई जगहों पर तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली के गिरने की भी संभावना जताई गई है।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 29 जुलाई के लिए उत्तर और पूर्वी बिहार के हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, किशनगंज, अररिया, सहरसा, मधुबनी और दरभंगा समेत कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, समस्तीपुर और जमुई में भी तेज गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 जुलाई को इन जिलों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती है। इसके अलावा 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच भोजपुर, बक्सर, पटना, मुंगेर, नालंदा और बेगूसराय समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान इन इलाकों में तेज गरज-चमक के साथ आसमान से आकाशीय बिजली के गिरने का भी खतरा बना रहेगा।
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बने गहरे निम्न दबाव (डीप डिप्रेशन) का असर अब बिहार में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, इस सिस्टम के प्रभाव से राज्य में मानसून फिर से रफ्तार पकड़ेगा और अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के दोबारा सक्रिय होने से राज्य में अब तक हुई बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। आने वाले दिनों में रुक-रुक कर होने वाली बारिश से किसानों को राहत मिलेगी, वहीं उमस और गर्मी से परेशान लोगों को भी मौसम सुहाना होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की लोगों से अपील
मौसम विभाग ने अलर्ट वाले इलाके के लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदानों व खेतों में जाने से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही लोगों से पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों के नीचे खड़े रहने से बचने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के दौरान नीचले इलाकों में पानी भरने का भी खतरा बना रहेगा। ऐसे में प्रशासन के लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: भाजपा-राजद का डोर टू डोर संपर्क अभियान, समीक्षा बैठक, कांग्रेस की बैठक


