मोतिहारी। एक प्रेमी ने शादी का झांसा देकर अपनी ही प्रेमिका को कोलकाता के रेड लाइट एरिया में बेच दिया। आरोपी ने इसके बदले ढाई लाख रुपये से ज्यादा की रकम वसूली। हालांकि, लड़की की सूझबूझ और पुलिस की सतर्कता से उसकी जान बच गई और आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ऐसे शुरू हुई थी प्रेम कहानी और साजिश
रोहित नाम के इस युवक की बहन की ससुराल पीड़िता के गांव के पास थी, जिसके चलते उसका वहां आना-जाना था। करीब एक साल पहले दोनों की मुलाकात हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इसके बाद शादी का झांसा देकर रोहित ने उसे भगाने की साजिश रची।
योजना के तहत उसने लड़की को मोतिहारी रेलवे स्टेशन बुलाया, जहां उसके दो साथी पहले से मौजूद थे। लड़की को यह कहकर भरोसे में लिया गया कि वह उसके साथ कोलकाता चले और रोहित पीछे से आ रहा है। भोली-भाली लड़की उन पर भरोसा करके उनके साथ कोलकाता चली गई, जहां उसे 2,30 लाख रुपये में बेचकर आरोपी फरार हो गया।
मां का रोता हुआ फोन और पुलिस की एंट्री
कोलकाता के रेड लाइट एरिया में पहुंचने पर जब लड़की को सच्चाई पता चली, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह वहां से किसी भी कीमत पर निकलना चाहती थी। किस्मत से एक दिन उसे वहां किसी का फोन मिल गया। उसने तुरंत अपनी मां को फोन करके रोते हुए कहा, मुझे जल्दी यहां से निकाल लो, वरना मैं मर जाऊंगी।
बेटी का फोन आते ही मां के होश उड़ गए। उसने तुरंत बिहार के केसरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए उस नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो कोलकाता की निकली।
कस्टमर बनकर रेड लाइट एरिया में घुसी पुलिस
कोलकाता के घनी आबादी वाले रेड लाइट एरिया से लड़की को सुरक्षित निकालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। एसआई ने लड़की की मां से उसकी फोटो ली और सादे कपड़ों में एक आम ग्राहक बनकर उस कोठे पर पहुंच गए।
दलाल ने वहां मौजूद सभी लड़कियों को पुलिस के सामने पेश किया। पुलिस ने चुपके से मोबाइल की फोटो से मिलान करके लड़की की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिसकर्मी ने यह कहकर वहां से दूरी बना ली कि उसे इनमें से कोई पसंद नहीं है।
ऐसे हुआ पूरा पर्दाफाश और गिरफ्तारी
इसके बाद स्थानीय कोलकाता पुलिस की भारी फोर्स के साथ तुरंत रेड डाली गई और मोतिहारी की इस बेटी को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमी रोहित को भी धर दबोचा है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
रोहित के इस गंदे नेटवर्क में मुजफ्फरपुर के पंकज, प्रिंस और पूर्णिया की एक महिला सोनी के शामिल होने का खुलासा हुआ है। अब पुलिस यह खंगालने में जुटी है कि इस मानव तस्करी गिरोह ने अब तक कितनी बेकसूर लड़कियों को अपनी जाल में फंसाकर बेचा है।

