अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र आज रविवार (24 मई) को जिले के डेहरी पहुंचे थे। जहां उन्होंने भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राज्य में लगातार पुल-पुलियां के गिरने, टूटने और उसमें दरार आने को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि सरकार इन मुद्दों को लेकर गंभीर है। जहां-जहां से इस तरह की शिकायतें आ रही हैं। इसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई तय
मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने कहा कि, तकनीकी रूप से अगर किसी की भी गलती सामने आ रही है, तो उस पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि, हाल के वर्षों में बने पुलो में अगर दिक्कत आ रही है, तो इसकी जांच कर जा रही है। साथ ही तकनीकी रूप से अगर जो भी लापरवाही बरतेगा। उस पर कार्रवाई तय है।
अचानक टूट गया था विक्रमशील पुल का स्लैब
गौरतलब है कि बीते दिनों भागलपुर का विक्रमशिला पुल का एक स्लैब अचानक आधी रात को टूटकर नदी में गिर गया था। इस वजह से पुल का आवागमन बाधित होने की वजह लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन द्वारा विक्रमशीला पुल पर बेली ओवर ब्रिज का निर्माण कराया गया है, जिससे छोटे वाहन पुल से गुजर रहे हैं। वहीं, विक्रमशिला पुल के अलावा बिहार के अलग-अलग हिस्सों से भी कई जगह पुल और पुलिया के गिरने और उसमें दरार आने की खबरें सामने आई हैं।
ये भी पढ़ें- तेजस्वी के ‘खजाना खाली’ बयान पर मंगल पांडे का पलटवार, बोले- इसलिए हर चुनाव में मिलती है हार

