Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के खजाना खाली वाले बयान पर बीजेपी नेता मंगल पांडे की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि, NDA सरकार हर वादे को पूरा करती है। मोदी की गारंटी पर हर कोई विश्वास करता है। तेजस्वी यादव को जब भी मौका मिला उन्होंने बिहार की जनता को छलने और ठगने का काम किया। इस लिए बिहार की जनता हर चुनाव में उन्हें पराजित करने का काम करती है। इस विधानसभा चुनाव में भी जनता उन्हें पूरी तरह नकार चुकी है। उन्हें ये समझना चाहिए।
‘सरकार ने लोगों को दिया धोखा’
दरअसल पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव सम्राट सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि, सरकार के पास कुछ करने के लिए पैसा नहीं है, खजाना खाली है। आपने महिलाओं को दूसरी किस्त देने का वादा किया था वो कब देंगे? पेंशन कब देंगे? आपने लोगों को धोखा दिया है। ‘हरा गमछा, नीला गमछा’ इस तरह का बयान मुख्यमंत्री देते हैं, उनकी सोच पर हमें हंसी आती है।
10 हजार को बताया चुनावी हथकंडा
तेजस्वी ने बिहार की एनडीए सरकार पर आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान महिलाओं को जो दस-दस हजार रुपये दिए गए थे, वह महज एक चुनावी हथकंडा था। उन्होंने सवाल उठाया कि उस योजना की अगली किस्त कब जारी की जाएगी? सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है। इसके साथ ही उन्होंने वृद्धों और असहायों को समय पर पेंशन न मिलने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा गरीब जनता भुगत रही है।
कानून व्यवस्था को लेकर जाहिर की चिंता
राज्य में बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर भी तेजस्वी यादव ने अपनी चिंता व्यक्त की और कहा कि, बिहार में अपराध की दर तेजी से बढ़ रही है। पुलिस प्रशासन अपराधियों पर नकेल कसने में पूरी तरह नाकाम है। महिलाओं के साथ हो रहे दुष्कर्म और हत्या के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं, जिससे समाज में डर का माहौल व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, जबकि सरकार विकास के झूठे दावे कर रही है।
सरकार से विकास की उम्मीद बेमानी
तेजस्वी यादव ने अंत में कहा कि अब बिहार की जनता इस सरकार की नीयत और नीति को पूरी तरह समझ चुकी है। विकास के नाम पर सिर्फ बातें करने वाली यह सरकार धरातल पर फेल हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो सरकार सामाजिक समरसता न बना सके और सुरक्षा न दे सके, उससे विकास की उम्मीद करना बेमानी है।
ये भी पढ़ें- पर्यावरण सुधार को लेकर बिहार सरकार गंभीर, CM सम्राट चौधरी ने लिया यह बड़ा फैलसा

