कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार ने राज्य के विकास और बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है। हाल ही में संपन्न हुई सम्राट कैबिनेट की बैठक में कुल 30 महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगाई गई है। इस बैठक में राज्य में हरित ऊर्जा के उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ शहरी पुनर्विकास और सड़क निर्माण से जुड़े कई बड़े प्रस्तावों को हरी झंडी दिखाई गई है।

​बिहार हरित हाइड्रोजन नीति-2026 को मंजूरी

​राज्य में पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने ऐतिहासिक पहल की है। कैबिनेट ने बिहार हरित हाइड्रोजन नीति-2026 के ड्राफ्ट को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस नीति का मुख्य उद्देश्य राज्य में ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन और इसके व्यावसायिक इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना है, जिससे भविष्य में स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में बिहार आत्मनिर्भर बन सके।

​विधिक माप विज्ञान नियमावली और पोषण कार्यक्रम

​व्यापार और उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े नियमों को पारदर्शी बनाने के लिए बिहार विधिक माप विज्ञान नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही, वजन और माप से जुड़े नियमों के प्रभावी प्रवर्तन के लिए संशोधन नियमावली-2026 को भी स्वीकृति मिल गई है। इसके अलावा, जन कल्याणकारी योजनाओं के तहत पोषण कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न खाद्य उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है।

​पटना के बहादुरपुर में जर्जर आवास बोर्ड कॉलोनी का पुनर्विकास

​राजधानी पटना के नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। बहादुरपुर सेक्टर-6 स्थित बिहार राज्य आवास बोर्ड की जर्जर कॉलोनी का पुनर्विकास किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए NBCC (India) Ltd. के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
​इसके साथ ही, टीवी टावर के समीप बहादुरपुर सेक्टर-5 में 8.5 एकड़ भूमि पर स्व-वित्तपोषित (Self-Financed) आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। इस प्रोजेक्ट से जुड़े सभी आवश्यक निर्णय लेने के लिए बिहार राज्य आवास बोर्ड को अधिकृत किया गया है।

​मुंगेर में सड़क नेटवर्क का विस्तार और करोड़ों की सौगात

​मुंगेर जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है:

  • ​तारापुर विधानसभा क्षेत्र: वंशीपुर से बिहमा तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण और पुनर्निर्माण किया जाएगा। यह मार्ग धोबई, गोगाचक, रोलसीहा मंदिर और गोगनगंज से होकर गुजरेगा। इसके लिए 115.90 करोड़ रुपये की संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
  • ​सात निश्चय-2 योजना: रनगांव-भागलपुरा पथ से धौनी होते हुए बिराय तक नई सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए 87.63 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है, जिससे ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।