प्रमोद कुमार/ कैमूर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का मंगलवार को कैमूर आगमन हो रहा है। मुख्यमंत्री के पद की शपथ लेने के बाद यह उनका जिले का पहला दौरा है जिसे लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में खासा उत्साह है। वे अपनी सहयोग शिविर यात्रा के तहत यहां पहुंच रहे हैं।
विस्तृत कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह 10:30 बजे पहाड़िया पंचायत स्थित मुंडेश्वरी धर्मशाला के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वे सीधे मां मुंडेश्वरी धाम के लिए प्रस्थान करेंगे जहां वे पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे निर्धारित सभा स्थल पर पहुंचेंगे जहां सहयोग शिविर में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण करेंगे और मंच से जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की है। प्रशासन ने हर बिंदु पर नजर बनाए रखी है और आम नागरिकों के लिए रूट चार्ट जारी कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित मार्ग का उपयोग करने और पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की है।
विकास कार्यों की झड़ी
इस दौरे में कैमूर को कुल 196 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात मिलने वाली है:
- शिलान्यास: विभिन्न विभागों की 20 महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा जिसकी कुल लागत 162 करोड़ रुपये है।
- उद्घाटन: विभिन्न विभागों की 40 योजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा जिनकी लागत 33.36 करोड़ रुपये है।
पर्यटन और हाई-सिक्योरिटी जेल पर टिकी नजरें
जिलेवासियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या मुख्यमंत्री कैमूर की पहाड़ी पर पर्यटन विकास और बहुप्रतीक्षित हाई-सिक्योरिटी जेल के निर्माण को लेकर कोई नई घोषणा करते हैं। गौरतलब है कि पिछली बार जब वे यहां आए थे तब उन्होंने हाई-सिक्योरिटी जेल की चर्चा की थी। अब मुख्यमंत्री के रूप में उनके पहले आगमन को लेकर जनता में भारी उत्साह है और सभा स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है।

