विजय कुमार, जमुई। वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने, वित्त रहित विद्यालयों, इंटर कॉलेजों एवं संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों का समायोजन करने तथा वर्षों से कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को नियमित वेतनमान, सेवा सुरक्षा, पेंशन, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा एवं सामाजिक सुरक्षा देने की मांग को लेकर बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल का राज्यव्यापी महाआंदोलन लगातार तेज हो रहा है। इसी क्रम में आज गुरुवार (13 अगस्त) को जमुई में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना में बड़ी संख्या में वित्त रहित शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, प्राचार्य, कांग्रेसजन एवं शिक्षा से जुड़े लोग शामिल हुए।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के दौरान सरकार से वित्त रहित शिक्षा नीति को तत्काल समाप्त करने, वित्त रहित विद्यालयों, इंटर कॉलेजों एवं संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों का समायोजन करने तथा वहां कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को नियमित वेतनमान, सेवा सुरक्षा, पेंशन, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा एवं सामाजिक सुरक्षा देने की मांग की गई। प्रदर्शन के बाद शांतिपूर्ण पदयात्रा भी निकाली गई तथा जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

चार दशक की सेवा के बाद भी अधिकार से वंचित

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रभारी प्राचार्य, रामलखन सिंह यादव कॉलेज, जहानाबाद, प्रो. (डॉ.) संजय यादव ने कहा कि वित्त रहित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी पिछले कई दशकों से बिहार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में जुटे हैं, लेकिन उनकी अपनी सेवा और भविष्य आज भी असुरक्षित है।

उन्होंने कहा कि चार दशक की सेवा के बाद भी वित्त रहित शिक्षक और कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, यह स्थिति अब बदलनी चाहिए। सरकार को वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त कर इन संस्थानों के समायोजन तथा शिक्षक-कर्मचारियों के लिए नियमित एवं सम्मानजनक सेवा शर्तें लागू करने की दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए।

राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं यह आंदोलन- डॉ. संजय यादव

डॉ. संजय यादव ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं है। यह बिहार की शिक्षा व्यवस्था और हजारों वित्त रहित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में आंदोलन को मिल रहा समर्थन यह साबित कर रहा है कि वित्त रहित शिक्षक समाज अब अपने अधिकारों के लिए एकजुट हो रहा है।

टालमटोल के बजाय लिया जाय ठोस निर्णय

बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश प्रभारी मोहम्मद अफरोज खान ने कहा कि वित्त रहित शिक्षा नीति के कारण वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षक और कर्मचारी आर्थिक असुरक्षा में जीवन जीने को मजबूर हैं। सरकार को अब इस मुद्दे पर टालमटोल के बजाय स्पष्ट और ठोस निर्णय लेना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी, जमुई के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार गौतम ने की, जबकि कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे वित्त रहित संस्थानों की उपेक्षा अब स्वीकार्य नहीं है। सरकार को शिक्षण संस्थानों के समायोजन और शिक्षक-कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा के लिए शीघ्र नीति बनानी चाहिए।

बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी हुए शामिल

सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि वित्त रहित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को केवल मान्यता देना पर्याप्त नहीं है। इन संस्थानों में वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों और कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए सरकार को आर्थिक एवं प्रशासनिक स्तर पर ठोस व्यवस्था करनी होगी।

मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प

धरना में बडी संख्या में उपस्थित शिक्षक एवं कर्मचारियों ने वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने, सभी वित्त रहित शिक्षण संस्थानों का समायोजन करने तथा शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को नियमित वेतनमान, सेवा सुरक्षा, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा देने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण है। जब तक सरकार वित्त रहित शिक्षा नीति के संबंध में ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के नेतृत्व में यह राज्यव्यापी अभियान लगातार आगे बढ़ता रहेगा। जमुई की धरती से भी यही संदेश दिया गया कि वित्त रहित शिक्षा नीति के मुद्दे पर अब आवाज दबने वाली नहीं है और शिक्षक-कर्मचारियों की एकजुटता के साथ यह संघर्ष निर्णायक मोड़ तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में मौजूद रहे ये लोग

कार्यक्रम में अजय कुमार, गिद्धौर प्रखंड अध्यक्ष विरेंद्र मंडल, कौशल यादव, अजीत कुमार यादव, पंकज शर्मा, विक्रम सिंह, कंचन कुमार, सोनू कुमार, सौरव कुमार, कुंदन कुमार,प्रो. प्रवरजीत कुमार, रामेश्वर यादव, राहुल कुमार, प्रणोद कुमार, शिव किशोर यादव, श्रीनिवास सिंह, प्रधान महासचिव, जिला कांग्रेस कमेटी, विवेक पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष, बिहार एनएसयूआई, सजल चौधरी, राजेंद्र प्रसाद सिंह, सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, प्राचार्य, कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी, कांग्रेसजन एवं शिक्षा प्रेमी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- ‘कांग्रेस ने संसद के इतिहास में लगाया काला दाग’, भाजपा ने राहुल गांधी को बताया एक अहंकारी नेता